चंडीगढ़। महिलाओं एवं बच्चों की सामाजिक संस्था ‘ब्यूटी विद ग्रेस’ ने तीज का त्योहार मनाया। इसमें भारी संख्या में महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। संस्था की अध्यक्ष अनामिका वालिया ने बताया कि लगभग तीन घंटे चले इस कार्यक्रम में नाच-गाने आदि के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया तथा विजेताओं को पुरस्कार दिए गए।
शहर के पूर्व सांसद सत्यपाल जैन तथा पूर्व महापौर देवेश मोदगिल इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर शामिल हुए। जैन ने कहा कि तीज का त्योहार श्रावण महीने में मनाया जाता है। यह देश की उन्नति एवं हरियाली का प्रतीक है तथा महिलाओं को सज-धज कर एवं पूर्ण उल्लास के साथ इस त्योहार को मनाने का अवसर देता है। उन्होंने संस्था की अध्यक्ष अनामिका वालिया तथा उनकी सारी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। प्रतियोगिता में कोनिका ‘मिस तीज’ चुनी गई, जबकि मोनिका शर्मा ‘मिसिज तीज’ चुनी गई। कार्यक्रम में लता गिरि, रेणु, ऋषि गौतम, रमा मथारू, मिलि गर्ग, अमिशका सोनी, दीक्षा ठाकुर, शालिनी, रमन, हर्ष बंसल, रविंदर कौर, अंजू जसवाल और विनिता आदि भी शामिल हुईं।