केजरीवाल के बारे में ये क्या बोल गए मंत्री, राहुल गांधी भी निशाने पर
कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने वन रैंक वन पेंशन की मांग को लेकर पूर्व सैनिक द्वारा की गई आत्महत्या मामले में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।
उन्होंने कहा कि राहुल व केजरीवाल गिद्धों की राजनीति कर रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने दिल्ली के सीएम केजरीवाल को आत्महत्यारा सीएम बताया। धनखड़ ने कहा कि पहले तो खुद की रैली में किसान की आत्महत्या करवाई।
अब जवान की आत्महत्या में गंदी राजनीति पर उतर आए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बैंक की छोटी मोटी गलती से ये तो नहीं कि मैं आत्महत्या का जिम्मेवार हो जाऊंगा।
'राहुल और केजरी कर रहे हैं गिद्धों की राजनीति'
उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक को 28 हजार रुपये मिलने थे। उनके खाते में 23 हजार रुपये चले गए। 31 अक्तूबर को उन्होंने एप्लीकेशन दी और 2 नवंबर को उन्होंने आत्महत्या कर ली।
अब दूसरे नेताओं के पास मुद्दे नहीं हैं तो वे इस पर ही राजनीति करने लगे। केजरीवाल सरकार हमेशा आत्महत्या पर राजनीति करती आई है। धनखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की प्रशंसा की और कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को विश्व के मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।
आज देश के सभी हिस्सों में फोरलेन सड़कें बनाई जा रही हैं, जिससे लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं और आवागमन आसान हुआ है। बेहतर व गुणवत्तायुक्त सड़कों का ही परिणाम है कि आज हिसार से दिल्ली जाने का समय बहुत कम हो गया है।