किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी ट्रैक पर डटी, मालगाड़ी रुकी, ट्रेनें को रूट बदलकर पहुंचाया अमृतसर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के जंडियाला गुरु स्थित ट्रैक पर धरना देने के कारण मंगलवार को अमृतसर आने वाली ट्रेनों का रूट बदलना पड़ा। ट्रेनों को वाया ब्यास-तरनतारन-भगतांवाला सेक्शन से गुजार कर अमृतसर रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया। इसके अलावा जंडियाला स्टेशन से पहले डागरा के पास मालगाड़ी को रोकना पड़ा। रेल डिवीजन फिरोजपुर के मंडल प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने कहा कि अमृतसर से अब सिर्फ तीन जोड़ी ट्रेनें चलाने का फैसला किया गया है। छह ट्रेनों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
किसान यूनियनों की ओर से रेल रोको आंदोलन को आगामी पांच दिसंबर तक स्थगित किए जाने के फैसले के बाद मुंबई से रवाना हुई गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस मंगलवार सुबह अमृतसर पहुंचने वाली थी। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के प्रधान सतनाम सिंह पन्नू की अगुवाई में इसके सदस्य जंडियाला में सोमवार रात ही पटरी पर डट गए।
डीसी गुरप्रीत सिंह खैरा व एसएसपी (देहात) ध्रुव दहिया ने उनसे हटने की अपील की लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। जब किसान नहीं माने तो डीसी ने गाड़ी को ब्यास रेलवे स्टेशन पर रोकने के निर्देश दिए। पहले यात्रियों को बसों से अमृतसर रेलवे स्टेशन पहुंचाने का फैसला लिया गया। उसके लिए प्रशासन ने प्रबंध भी कर दिए थे। बाद में गाड़ी को ब्यास से गोइंदवाल साहिब, तरनतारन के रास्ते अमृतसर पहुंचाया गया। प्रशासन ने यात्रियों के लिए चाय और बिस्कुट का प्रबंध भी किया था।
मालगाड़ियों को जाने दिया गया : पंधेर
किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि मालगाड़ी चलने देंगे लेकिन पैसेंजर ट्रेनें नहीं। मंगलवार को भी यही किया गया। जब तक केंद्रीय कृषि कानून रद्द नहीं किया जाता तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, रेल डिवीजन फिरोजपुर के एडीआरएम वीपी सिंह ने कहा कि ऐसी स्थिति में मालगाड़ियां भी चलाना मुश्किल है।
ब्यास-तरनतारन सेक्शन सिंगल लाइन, काफी समय हुआ बर्बाद : अग्रवाल
रेल डिवीजन फिरोजपुर के मंडल प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने कहा कि ट्रेनों का रूट बदलकर अमृतसर पहुंचाया गया। ऐसा करने में काफी समय व्यर्थ हुआ है, क्योंकि ब्यास-तरनतारन-भगतांवाला सेक्शन सिंगल लाइन है। इस सेक्शन पर 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनें चल पाती हैं। इस सेक्शन से सभी ट्रेनों का संचालन कर पाना संभव नहीं है। इसीलिए रेल प्रशासन ने सिर्फ तीन जोड़ी मेल एक्सप्रेस ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
डीआरएम ने कहा कि ट्रेन संख्या 02903/02904 (गोल्डन टेंपल मेल), ट्रेन संख्या 04649/04650 (सरयू-यमुना एक्सप्रेस), ट्रेन संख्या 04673/04674 (शहीद एक्सप्रेस) 25 नवंबर से अमृतसर से चलाई जाएंगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 02716 (सचखंड एक्सप्रेस), ट्रेन संख्या 02926 (पश्चिम एक्सप्रेस), ट्रेन संख्या 09026 (अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस), ट्रेन संख्या 02054 (अमृतसर-हरिद्वार जनशताब्दी), ट्रेन संख्या 05212 (अमृतसर-सहरसा जनसेवा), ट्रेन संख्या 02030 (अमृतसर-नई दिल्ली शताब्दी) जो अपने निर्धारित समय से चलने के लिए घोषित हो चुकी थी, जंडियाला मेन लाइन खुलने तक स्थगित रहेगी। इसके अतिरिक्त मंडल में अन्य गाड़ियां जिनकी घोषणा की गई हैं, वे अपने निर्धारित समय एवं मार्ग के अनुरूप चलेंगी।
यात्री बोले- किसान लोगों को परेशान न करें
यात्रियों ने कहा कि वे किसानों की मांगों का समर्थन करते हैं। उनकी लड़ाई केंद्र सरकार के साथ है। वे ट्रेनें रोककर लोगों को परेशान न करें। किसान दिल्ली जाकर संघर्ष करें। किसानों के इस प्रदर्शन से पंजाब को ही करोड़ों का नुकसान हुआ है। मुंबई से आए एक सात सदस्यीय सिंधी परिवार ने कहा कि वे सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के दर्शन के लिए आए हैं। गाड़ी चार घंटे लेट हो गई। इससे उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा। किसान अपने प्रदर्शन का ढंग बदले।