सिरसा डेरा मुखी से मांगा भाजपा ने समर्थन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा भाजपा के चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने मंगलवार शाम डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह से मुलाकात की। समझा जाता है कि विजयवर्गीय ने संत से मुलाकात में हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए डेरा सच्चा सौदा का समर्थन मांगा।
भाजपा सूत्रों ने दावा किया कि पार्टी के समर्थन के मसले पर डेरा मुखी का रुख सकारात्मक था। डेरामुखी से विजयवर्गीय की मुलाकात की व्यवस्था पंजाब के उद्योग मंत्री मदनमोहन मित्तल के करीबी संजय गर्ग ने कराई।
अगर डेरा भाजपा को समर्थन के लिए राजी होता है, तो यह पार्टी की बड़ी सफलता होगी क्योंकि इससे पहले डेरा किसी भी चुनाव में भाजपा का समर्थन करने से परहेज बरतता आया है।
भाजपा की नजर गैर जाट वोट बैंक पर
चुनाव में भाजपा की योजना गैर जाट वोट बैंक के बड़े हिस्से पर कब्जे की है। चूंकि डेरा का इस वोट बैंक में व्यापक प्रभाव है, इसलिए पार्टी के रणनीतिकार अरसे से डेरा को पटाने के अभियान में जुटे थे।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि डेरा के समर्थन का लाभ पार्टी को कालांवाली, डबवाली, सिरसा, ऐलनाबाद, हांसी, बरवाला, भिवानी, अंबाला कैंट, अंबाला सिटी, मुलाना, जगाधरी, कलायत, कैथल, पुंडरी, पानीपत ग्रामीण, जींद, नरवाना, फतेहाबाद, टोहाना, रतिया, नारनौल, रेवाड़ी, पलवल, झज्जर, महेंद्रगढ़, रोहतक सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में लाभ मिलेगा।