{"_id":"645f3f1b035d0cf67d056645","slug":"jalandhar-bypoll-result-2023-out-aam-aadmi-party-sushil-rinku-all-update-2023-05-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jalandhar By Poll 2023: कांग्रेस के गढ़ में लहराया आम आदमी पार्टी का परचम, फिर मिली लोकसभा में एंट्री","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jalandhar By Poll 2023: कांग्रेस के गढ़ में लहराया आम आदमी पार्टी का परचम, फिर मिली लोकसभा में एंट्री
Sat, 13 May 2023 03:36 PM IST
निवेदिता वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालंधर (पंजाब)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालंधर (पंजाब)
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Sat, 13 May 2023 03:36 PM IST
सार
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में पत्रकारवार्ता कर जालंधर उपचुनाव में जीत के लिए लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जालंधर के जनादेश ने ये बता दिया कि पंजाब की जनता आप सरकार के काम से संतुष्ट भी है और खुश भी।
विज्ञापन
जालंधर उपचुनाव में आप की जीत
- फोटो : twitter @AAPPunjab
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस के गढ़ को ध्वस्त करते हुए जालंधर लोकसभा उपचुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। चौबीस साल से कांग्रेस के कब्जे में रही संसदीय सीट को जीतकर आप ने लोकसभा में फिर एंट्री कर ली है। संगरूर उप चुनाव हारने के बाद आप का लोकसभा में कोई सांसद नहीं था।
विज्ञापन
जालंधर उपचुनाव में कांग्रेस से आए आप प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू ने कांग्रेस की कर्मजीत चौधरी को 58621 मतों से हरा दिया। शनिवार को घोषित नतीजों में अकाली-बसपा उम्मीदवार डा. सुखविंदर सुक्खी तीसरे स्थान पर रहे, जबकि भाजपा प्रत्याशी इंद्र इकबाल सिंह अटवाल की जमानत जब्त हो गई।
विज्ञापन
जालंधर लोकसभा सीट 1999 से कांग्रेस लगातार जीतती आ रही थी। इस सीट पर भारत के पीएम रहे इंद्र कुमार गुजराल के बेटे नरेश गुजराल के अलावा दिल्ली से सांसद हंसराज हंस भी शिकस्त खा चुके हैं। संसदीय क्षेत्र के तहत नौ विधानसभा हलकों में से 7 में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिली। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी कर्मजीत कौर चौधरी अपने विधायक बेटे विक्रम चौधरी के हलके में भी करीब सात हजार मतों से पिछड़ गईं। मतगणना के पहले राउंड में आप को जो बढ़त मिली, वह अंतिम राउंड तक बढ़ती चली गई।
विज्ञापन
आप का सबसे अधिक जादू ग्रामीण इलाकों में चला, जहां पर हर विधानसभा हलके में आप को बढ़त मिली। सुशील रिंकू को 3,02,279 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी कर्मजीत चौधरी 2,43,588 वोट ले सकी। तीसरे स्थान पर रहे डॉ. सुक्खी को 1,58,445 वोट पड़े। भाजपा के इंद्र इकबाल को 1,34,800 ही वोट मिले। पांचवें नंबर पर रहे शिअद अमृतसर के गुरजंट सिंह को 20354 मत मिले। छठें नंबर पर नोटा रहा। 6656 मतदाताओं को कोई उम्मीदवार पसंद नहीं आया।
कांग्रेस प्रत्याशी करमजीत कौर के पति और सांसद संतोख सिंह चौधरी का इस साल 14 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। संतोख चौधरी 2014 और 2019 में यहां से चुनाव जीते थे। दस मई को हुए उपचुनाव में कुल 19 प्रत्याशी मैदान में थे। 54.70 प्रतिशत मतदान हुआ था। जालंधर लोकसभा सीट के आप के इंचार्ज वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने जीत का सेहरा पंजाब के सीएम भगवंत मान व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के सिर पर बांधते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक जीत है और जनता ने की गारंटी पर अपनी मोहर लगा दी है।
आप की जीत के पांच कारण
1.कांग्रेस में सेंध लगाकर सुशील को उम्मीदवार बनाना।
2.सीएम मान के हाथ में चुनावी कमान। दो महीने लगातार दौरे पर रहे।
3.मुफ्त बिजली व 28 हजार नौकरियों की बात को प्रमुखता से रखना।
4.राज्य में पार्टी की अपनी सरकार होने का फायदा मिला।
5.पार्टी में गुटबाजी व मनमुटाव नहीं दिखा। एकजुट होकर लड़े।
कांग्रेस की हार के कारण...
1.पार्टी में गुटबाजी हावी रही। प्रचार के दौरान गायब रहे।
2.राहुल गांधी व अन्य केंद्रीय नेताओं का न आना
3.विपक्ष में होने के बावजूद भ्रष्टाचार के मामलों से घिरी रही पार्टी
4.नकारात्मक प्रचार। जो मुद्दे उठाए, लोगों ने उसे नकार दिया
5.कर्मजीत कौर के पास राजनीतिक अनुभव की कमी का होना
भाजपा उम्मीदवार की जमानत जब्त
भाजपा उम्मीदवार इंद्र इकबाल अटवाल अपनी जमानत नहीं बचा पाए। अटवाल को 134706 वोट (15.19%) वोट ही मिले। पार्टी नौ विधानसभा हलकों में से किसी भी सीट पर लीड नहीं ले पाई। भाजपा ने जालंधर उपचुनाव में सबसे अधिक ताकत झोंक रखी थी।
संगरूर की भरपाई जालंधर में
सत्ता में आने के तीन महीने बाद ही पार्टी संगरूर लोकसभा उपचुनाव मात्र पांच हजार वोटों से हार गई थी। सत्ता में रहते पहली बार कोई पार्टी पंजाब में लोकसभा चुनाव हारी थी। आप ने जालंधर चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर संगरूर की कसर पूरी कर दी।
वोट प्रतिशत
आप : 34.05
कांग्रेस : 27.44
शिअद : 17.85
भाजपा : 15.19
उपचुनाव का नतीजा पंजाब में आप की सरकार के कार्यों पर लोगों की सकारात्मक मुहर है। चुनाव परिणाम ने हमारी जिम्मेदारी और मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया है। हम पंजाब के विकास के लिए और अधिक मेहनत करेंगे।- भगवंत मान, मुख्यमंत्री पंजाब
हम काम की राजनीति करते हैं। अपने काम के लिए लोगों से वोट मांगते हैं। लोगों ने हम आपके साथ हैं कहकर भगवंत मान सरकार के काम पर मुहर लगा दी है। यह अभूतपूर्व जीत है। यह एक बड़ा संदेश है। - अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री दिल्ली