Jalandhar Bypoll: चौधरी परिवार में 'आप' की सेंध, पूर्व विधायक सुरिंदर सिंह ने थामा झाड़ू, शिअद को भी बड़ा झटका
सुरिंदर सिंह के पिता सात बार करतारपुर विधानसभा से विधायक रह चुके हैं। वहीं सुरिंदर सिंह 2017 में पहली बार विधायक बने थे। अकाली दल के दिग्गज नेता चंदन ग्रेवाल ने भी आप की झाड़ू को थाम लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
करतारपुर से पूर्व विधायक और दिवंगत सांसद चौधरी संतोख सिंह के भतीजे सुरिंदर सिंह ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) ज्वाइन की। सोमवार को ही पूरा दिन कांग्रेस के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग व पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू जालंधर में घूमते रहे लेकिन सीएम मान ने इस बीच कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया।
सुरिंदर सिंह के पिता चौधरी जगजीत सिंह करतारपुर विधानसभा से 1980, 1985, 1992, 1997 और 2002 में लगातार पांच बार विधायक रह चुके हैं। सुरिंदर सिंह ने इसी विधानसभा सीट पर 2017 में जीत दर्ज की थी। उन्होंने शिअद के सेठ सतपाल को 6020 वोट से हराया था। 2022 में सुरिंदर सिंह करतारपुर से चुनाव हार गए थे और यहां से आप के उम्मीदवार बलकार सिंह ने जीत हासिल की थी।
सुरिंदर सिंह का अपने चाचा संतोख सिंह के साथ अथाह प्यार व सत्कार था लेकिन उनके निधन के बाद उन्होंने अपनी राह अलग कर ली। सुरिंदर सिंह की चाची कर्मजीत कौर लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी हैं।
12 नेता आप में शामिल
वहीं, सुशील रिंकू ने सोमवार को जालंधर वेस्ट और सेंट्रल से करीब 12 नेताओं को आप में शामिल करवाया। पंजाब खादी बोर्ड के पूर्व चेयरमैन रहे मेजर सिंह, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य नासिर सलमानी ने भी आप ज्वाइन की। वरिष्ठ नेता और पार्षद पति हरजिंद्र लाड्डा, पार्षद लखबीर बाजवा का बेटा, पंजाब खादी बोर्ड के चेयरमैन मेजर सिंह की पत्नी मेजर अमनदीप कौर, बबीता वर्मा, अकाली दल के पूर्व पार्षद मनजीत टीटू, गीता रानी, जालंधर सेंट्रल हल्के से पूर्व पार्षद राधिका पाठक, पूर्व पार्षद बब्बी चड्डा, पार्षद चुनाव लड़ चुके पवन शर्मा, सतविंद्र शंटी, अजय बब्बल और युवा नेता राजेश अग्निहोत्री ने भी आप का दामन थामा।
सिद्धू भी पहुंचे जालंधर
वहीं, नवजोत सिंह सिद्धू सोमवार को जालंधर में घूमते रहे। वह पूर्व सांसद मोहिंदर केपी के निवास पर गए और उनके साथ लंबी बातचीत की। केपी भी चौधरी के प्रचार से दूरी बनाकर चल रहे हैं। चौधरी संतोख सिंह ने उनका टिकट कटवाकर खुद चुनाव लड़ा था। वहीं, सिद्धू पूर्व मंत्री अवतार हेनरी के निवास पर गए और वहां पर मौजूदा विधायक बावा हेनरी से भी मुलाकात की। अमरिंदर सिंह राजा वड़िग तो रिंकू के हलका वेस्ट में खुद मैदान में उतर आए हैं और नुक्कड़ सभाओं में भी पहुंच रहे हैं।
10 मई को मतदान
जनवरी में कांग्रेस सांसद संतोख चौधरी के निधन के बाद जालंधर लोकसभा सीट खाली हो गई थी। इस सीट पर 10 मई को मतदान होना है। नतीजे 13 मई को आएंगे। 20 अप्रैल नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है।
'बाहरी' नेताओं के सहारे आप व भाजपा
जालंधर लोकसभा चुनाव में आप व भाजपा की उम्मीदें बाहरी नेताओं पर टिकी हैं। आप ने कांग्रेस का दामन छोड़ झाड़ू थामने वाले सुशील रिंकू को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं रविवार को अकाली दल के कद्दावर नेता और लोकसभा के डिप्टी स्पीकर रहे चरणजीत सिंह अटवाल के बेटों इंदर सिंह अटवाल और जसजीत सिंह अटवाल ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा ज्वाइन की। चरणजीत सिंह अटवाल अकाली दल के इकलौते सबसे बड़ा दलित सिख चेहरा हैं। बीते लोकसभा चुनाव में वह 20 हजार मतों के मामूली अंतर से कांग्रेस के संतोख चौधरी से हारे थे।