चरखी दादरी: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में चले लात-घूसे, डीईओ समेत नौ कर्मचारियों पर केस दर्ज
घायल राजेश ने बताया कि सतपाल व सुमेर अपने मेज से नुकीली हथियारनुमा चीज निकालकर उन्हें मारने लगे और इसके चलते उन्हें गहरी चोट भी आई है। घायलों का आरोप है कि डीईओ ने उस दौरान पिटाई का समर्थन किया और कलम से उनका रिकॉर्ड खराब करने की धमकी दी। घायलों ने बताया कि डीईओ कई दिनों से यूनियन से खफा चल रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के चरखी दादरी में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में राजकीय अध्यापक संघ-70 जिला प्रधान और अन्य पदाधिकारियों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस घटना में तीन शिक्षक नेताओं को चोटें लगी हैं। घायल पक्ष ने इसका आरोप जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के स्टाफ पर लगाया है। सिटी थाना पुलिस ने घायल पक्ष के बयान पर जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फोगाट, कर्मचारी सतपाल, सुमेर व मेहता समेत छह क्लर्कों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को खेड़ी बूरा निवासी और फिलहाल शहर के वार्ड-20 में रह रहे राजेश कुमार ने बताया कि वो राजकीय अध्यापक संघ-70 के जिला प्रधान है। मंगलवार को उनके पास मानकावास राजकीय कन्या उच्च विद्यालय में बतौर टीजीटी साइंस टीचर के तौर पर कार्यरत कुलवीर सिंह का फोन आया। राजेश कुमार ने बताया कि कुलवीर सिंह यूनियन के महासचिव भी हैं।
फोन पर कुलवीर ने उन्हें बताया कि वो सोमवार को डीईओ कार्यालय में क्लर्क सतपाल सिंह के पास रिटायर्ड हेडमास्टर कपूर सिंह का एलटीसी केस लेकर गया था। सतपाल क्लर्क ने उसके साथ काफी अभद्र व्यवहार किया और यहां से वापस न जाने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद वो अपने कागज लेकर घर आ गया और रोजाना की तरफ मंगलवार को विद्यालय पहुंच गया। इसके बाद डीईओ कार्यालय से बीईओ सज्जन सिंह ने स्कूल लिपिक राजकुमार के पास सूचना भेजी कि स्कूल मुखिया को डीईओ ने बुलाया गया।
स्कूल मुख्य अध्यापक अशोक कुमार के अवकाश पर होने के कारण कुलवीर सिंह डीईओ ऑफिस पहुंचा। आरोप है कि डीईओ कृष्णा फोगाट ने उसे माफी मांगने के लिए मजबूर किया और कलम की मार से नौकरी से हाथ धोने की धमकी दी। इस प्रकरण की सूचना यूनियन राज्य उपप्रधान जगमेंद्र छिल्लर, उपप्रधान संजय व कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार को देकर कार्यालय बुलाया। इसके बाद चारों पदाधिकारी डीईओ कार्यालय में क्लर्क सतपाल के कमरे मे गए तो वहां बैठे सतपाल, सुमेर सिंह व मेहता ने मारपीट की। घायल पक्ष का आरोप है कि वहां मौजूद 5-6 अन्य क्लर्कों ने भी उन्हें
पीटा।
नुकीली चीज से भी वार करने का आरोप
घायल राजेश ने बताया कि सतपाल व सुमेर अपने मेज से नुकीली हथियारनुमा चीज निकालकर उन्हें मारने लगे और इसके चलते उन्हें गहरी चोट भी आई है। घायलों का आरोप है कि डीईओ ने उस दौरान पिटाई का समर्थन किया और कलम से उनका रिकॉर्ड खराब करने की धमकी दी। घायलों ने बताया कि डीईओ कई दिनों से यूनियन से खफा चल रही हैं।
तीनों को लगी दो-दो चोट
चिकित्सक ने पुलिस को जो अपनी राय दी है उसमें राजेश, कुलवीर व संजय को दो-दो चोट लगने का जिक्र है। घायलों ने पुलिस को दिए बयान में इस मामले में डीईओ कार्यालय के स्टाफ पर कार्रवाई करने की मांग की है।
घायल पक्ष के बयान पर पुलिस ने सतपाल, सुमेर, मेहता, कृष्णा फौगाट व पांच-छह क्लर्क पर धारा 147, 148, 149, 323, 324 व 506 के तहत के दर्ज कर लिया है। आरोपों की पुलिस जांच करेगी और जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आनंद कुमार, जांच अधिकारी एवं हेड कांस्टेबल।