सड़क को देना चाहते हैं अपना नाम तो करें ऐसा काम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यदि आप चाहते हैं कि शहर में किसी सड़क को आपका या आपके किसी फैमिली मेंबर या फिर संस्थान का नाम मिले तो तैयार हो जाइए। नगर निगम आपके लिए एक ऐसी योजना लेकर आया है, जो आपके इस सपने को भी साकार करेगा।
इसके लिए आपको नगर निगम में एक एप्लीकेशन जमा करानी होगी और जरूरी कागजी कार्रवाई के बाद सड़क को आपका नाम दे दिया जाएगा। इसके एवज में आपको उस सड़क की देखरेख करनी होगी।
नगर निगम ने सभी वी-3 प्रमुख सड़कों के किनारे के रखरखाव के लिए पब्लिक नोटिस निकाला है। सड़क आवंटित होने के बाद नगर निगम आपको बताएगा कि रखरखाव के बदले आप किन दो जगहों पर अपना या कंपनी के नाम का बोर्ड लगा सकते हैं।
नगर निगम के बागवानी विभाग के अनुसार, शहर में इस समय जो भी वी-3 रोड हैं, उनके बर्म में कहीं-कहीं पेवर ब्लॉक भी लगे हैं, जहां रोड बर्म में लगी घास और पौधों की भी देखरेख करनी होगी।
ग्रीन बेल्ट देखरेख के लिए एसोसिएशनों को जिम्मा
अभी तक शहर के चौक ही रखरखाव के लिए दिए जाते रहे हैं और सभी चौक इस समय रखरखाव के लिए बुक है। इन चौक के रखरखाव की जिम्मेदारी लेने के लिए कंपनियों में हमेशा होड़ लगी रहती है और समय समय पर प्रशासन व नगर निगम की बागवानी टीम इन चौकों की चेकिंग भी करती है।
ग्रीन बेल्ट के लिए तो भुगतान भी
नगर निगम की ओर से अलग-अलग सेक्टरों के रिहायशी इलाकों में बनी ग्रीन बेल्ट भी देखरेख के लिए यहां की एसोसिएशनों को दी जा रही है। इसके लिए नगर निगम बाकायादा 2.48 रुपये प्रति स्क्वायर मीटर के हिसाब से भुगतान भी करता है। शहर में इस समय कई पार्क ऐसे हैं, जिनका एसोसिएशन काफी अच्छे से रखरखाव करती है।
कृष्ण पाल सिंह, कार्यकारी अभियंता, बागवानी विभाग, नगर निगम ने बताया कि वी-3 सड़क किनारे (बर्म) को रखरखाव के लिए कोई भी ले सकता है। उन्हें बाकायदा विज्ञापन का बोर्ड लगाने की भी मंजूरी दी जाएगी। शहर की किसी भी सड़क के लिए कोई भी आवेदन कर सकता है।