हुड्डा का समर्थन भले न मिले, एसवाईएल पर समझौता नहीं : कैप्टन
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ कर दिया है कि एसवाईएल के मुद्दे पर समझौता करने का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता, चाहे इसका मतलब पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र सिंह हुड्डा का समर्थन ही क्यों न खोना हो।
उन्होंने कहा कि साफ तौर पर पंजाब में कांग्रेस के पक्ष में लहर चल रही है और दोनों अकाली दल व आम आदमी पार्टी ने अपनी भ्रष्ट नीतियों व जनविरोधी एजेंडे के जरिए राज्य के लोगों को बुरी तरह से परेशान कर दिया है।
कैप्टन ने कहा कि सभी प्रमुख पार्टियों में टिकटों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद व उम्मीदवारों द्वारा पूरे दम के साथ अपना चुनाव प्रचार करने के दौरान, कांग्रेस के समर्थन में लोगों का मिजाज और खुलकर सामने आ जाएगा।
'अरविंद केजरीवाल की पार्टी भ्रष्ट व लालची लोगों की संस्था है'
कैप्टन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की पार्टी भ्रष्ट व लालची लोगों की संस्था है, जो टिकटों की ब्रिकी में व्यस्त है। कैप्टन अमरिंदर ने आप के पंजाब में शासन करने के सपने के सच होने की संभावना को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पार्टी का राज्य में कोई आधार नहीं है।
उन्होंने कहा कि आप दिल्ली के लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरने में नाकाम रही है, जिसमें एक बड़ी आबादी पंजाबियों की है। इससे साबित होता है कि आप का पंजाबियों के साथ कोई लगाव नहीं है और यह उनकी उम्मीदों को समझ नहीं सकी।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री मनीष तिवारी को आगामी विधानसभा चुनावों में टिकट मिलने संबंधी एक सवाल के जवाब में कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि मनीष एक वरिष्ठ पार्टी नेता हैं और इस संबंध में फैसला कांग्रेस हाईकमान ने लेना है।