{"_id":"664ac284291a849b250970c5","slug":"heat-wave-continues-in-punjab-weather-update-news-in-hindi-2024-05-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"तपती गर्मी की चपेट में पंजाब: स्कूलों में छुट्टियों का एलान, अभी और बरसेगा लू का कहर, रेड अलर्ट जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तपती गर्मी की चपेट में पंजाब: स्कूलों में छुट्टियों का एलान, अभी और बरसेगा लू का कहर, रेड अलर्ट जारी
Mon, 20 May 2024 03:39 PM IST
निवेदिता वर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Mon, 20 May 2024 03:39 PM IST
सार
पंजाब में भीषण गर्मी हो गई है। वहीं 25 मई से नौतपा भी शुरू होगा, जो 2 जून तक चलेगा। संभावना है कि तापमान 48 डिग्री से भी ऊपर जा सकता है। हालांकि 22 मई से बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का एरिया पैदा होगा, जिसके चक्रवाती तूफान बनने और बूंदाबांदी की संभावना है।
विज्ञापन
गरमी से खुद को बचाते युवा
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पांच दिन के लिए प्रचंड गर्मी और भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को पंजाब में हीट वेव का कहर जारी रहा। इसके चलते बठिंडा का तापमान 46.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में अधिकतम तापमान ने मई माह में पिछले 10 साल के रिकार्ड तोड़ दिए हैं। वहीं, पंजाब के स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी व निजी स्कूलों में 21 मई से लेकर 30 जून तक छुट्टियां का एलान कर दिया है।
विज्ञापन
सूबे के पांच अन्य शहरों बठिंडा, पठानकोट, बरनाला, फिरोजपुर व समराला का पारा 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। बठिंडा में सीवियर हीट वेव रही, जिसके चलते वह पंजाब में सबसे गर्म रहा। हालांकि प्रदेश का अधिकतम तापमान सोमवार को 0.2 डिग्री की कमी दर्ज की गई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 5.3 डिग्री ऊपर बना हुआ है।
विज्ञापन
वहीं, सूबे के न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। इससे अब यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक हो गया है। विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री का भी क्रॉस कर सकता है। हालांकि हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार को बारिश भी हुई, लेकिन लू के अलर्ट के मद्देनजर आठ जिलों में स्कूलों का समय बदल दिया गया।
विज्ञापन
यहां बरस रही है आग
पंजाब में 46.7 डिग्री के साथ बठिंडा ही सबसे गर्म रहा। इसके अलावा अमृतसर का पारा 44.5, लुधियाना का 43.6, पटियाला का 43.5, पठानकोट का 44.3, बरनाला का 44.1, फिरोजपुर का 44.5, एसबीएस नगर का 42.2, समराला का 45.8 डिग्री व जालंधर का 43.6 डिग्री दर्ज किया गया।
सात दिन बारिश के आसार नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक सात दिन पंजाब में बारिश की संभावना नहीं है। इसके चलते फिलहाल पंजाब के लोगों को इस भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। साथ ही कहा कि इस बार पंजाब में एक्स्ट्रीम वैदर कंडीशंस के चलते भीषण गर्मी होगी, जिसकी शुरुआत हो चुकी है।
पराली और नाड़ ने वातावरण किया दूषित
ग्लोबल वार्मिंग के चलते मौसम में बदलाव आ रहे हैं। इसके लिए काफी हद तक पंजाब-हरियाणा भी जिम्मेदार है, जहां के खेतों में धान की पराली व गेहूं की नाड़ जलाकर वातावरण को दूषित किया जा रहा है। -एके सिंह, डायरेक्टर, मौसम विभाग चंडीगढ़
स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र 30 जून तक बंद
पंजाब के स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी व निजी स्कूलों में 21 मई से लेकर 30 जून तक छुट्टियाें का एलान कर दिया है। बच्चों की सेहत व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया गया है। विभाग के सचिव कमल किशोर यादव ने अपने आदेशों में कहा कि छुट्टियों के दौरान टीचिंग व नॉन टीचिंग कैडर से संबंधित अधिकारी और कर्मचारी चुनावों से संबंधित लगी अपनी डयूटी में सेवाएं देते रहेंगे।
वहीं, सामाजिक सुरक्षा व महिला एवं बाल विकास विभाग पंजाब ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी 21 मई से 30 जून तक छुट्टियां कर दी हैं। आदेशों में कहा गया है कि आंगनवाड़ी में आने वाले बच्चों की उम्र 3 से 6 वर्ष होती है, जिसके चलते इन बच्चों की संभाल बहुत जरूरी है। आंगनवाड़ी वर्करों व हेल्परों को निर्देश दिए गए हैं कि वह इन छुट्टियों के दौरान बच्चों के घरों में विजिट करेंगे और उनको घर पर ही राशन देना यकीनी बनाएंगे।
सिरसा में लगातार चौथे दिन पारा 47 पार
हरियाणा के सिरसा में लगातार चौथे दिन पारा 47 से ऊपर रहा। यही नहीं 14 जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग ने हीट वेव को लेकर 24 मई तक 14 जिलों के लिए रेड और 8 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, सोमवार को सिरसा जिले में दोपहर करीब 3.30 बजे दो से तीन मिनट तक बूंदाबांदी हुई। सोमवार को हरियाणा में अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री से 47.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.0 से 31.0 डिग्री सेल्सियस बीच दर्ज किया गया।
हिमाचल में स्कूलों का समय बदला
शिमला। हिमाचल में चिलचिलाती गर्मी से विद्यार्थियों को राहत देने के लिए ग्रीष्मकालीन स्कूलों की समयसारिणी में बदलवा किया गया है। अब कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन जिला के बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ और सिरमौर जिला के नाहन व पांवटा साहिब में सुबह 7:30 बजे स्कूल खुलेंगे। दोपहर 1:00 बजे छुट्टी होगी। अभी तक सुबह 9:00 बजे से 3:00 बजे तक कक्षाएं लग रहीं थीं।
केरल में तेज बारिश, 23 तक दक्षिण भारत में बहुत भारी वर्षा का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 23 मई तक दक्षिण भारत में बहुत भारी वर्षा की संभावना है। केरल में सोमवार से बारिश शुरू भी हो गई। अगले दो दिन यहां भारी बारिश का अनुमान है। जिससे भूस्खलन व महामारी की आशंका के बीच आपातकाल केंद्रों, अस्पतालों को स्टैंडबाय पर रखा गया है।