हरियाणा में आज रात बदलेगा मौसम: 18 जुलाई से चार दिन भारी बारिश के आसार, इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
हरियाणा में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने तीन दिन तक कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार की रात से हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलेगा और 21 जुलाई तक बारिश के आसार हैं। प्रदेश में अब तक 104 एमएम औसत बारिश हुई है। हरियाणा के 22 जिलों में से छह जिलों में ही अधिक बारिश हुई है। बाकी जिलों में औसत से कम बरसात हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में शनिवार रात से मौसम में बदलाव आएगा। इसके बाद चार दिन तक प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 18 जुलाई को 9 और 19 जुलाई को 14 जिलों में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इधर, शुक्रवार को कभी धूप तो कभी आंशिक बादल छाए रहे। दिनभर उमस भरी गर्मी का माहौल रहा। प्रदेशभर में अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी भी दर्ज की गई। नारनौल में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खिचड़ ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक ओर कम दबाव का क्षेत्र बनने से प्रदेश में शनिवार रात से मानसून की सक्रियता फिर से बढ़ने की संभावना है। इस कारण गरज-चमक व तेज हवाओं के साथ 18 से 21 जुलाई के बीच बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज व भारी बारिश हो सकती है।
21 जुलाई तक ऐसा रहेगा मौसम
- 17 जुलाई - हल्की से मध्यम बारिश
- 18 जुलाई - 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट (महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, भिवानी और चरखी दादरी)
- 19 जुलाई - 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट (महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, हिसार और जींद)
- 20 जुलाई - तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट (पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर)
- 21 जुलाई - हल्की से मध्यम बारिश
प्रदेश में अब तक 104 एमएम औसत बारिश
हरियाणा में एक जून से 16 जुलाई तक 104 एमएम औसत बारिश हुई है। जबकि इस अवधि में 124.7 एमएम औसत बारिश होती है। इस तरह से प्रदेश में 17 फीसदी कम बारिश हुई है। 22 जिलों में से 6 जिलों में ही अधिक बारिश हुई है, शेष 16 जिलों में कम से बहुत कम बारिश हुई है।