प्रचंड गर्मी से धधक उठा पूरा हरियाणा, कई शहरों में राहत की फुहार, आज भी बूंदाबांदी के आसार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में मंगलवार को नारनौल और हिसार समेत कई इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी होने और आंधी चलने से अधिकतम तापमान 3.5 डिग्री तक कम हो गया, लेकिन रात का तापमान छह डिग्री तक बढ़ गया। उधर, मौसम विभाग ने 12 और 13 जून को भी गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक 45.5 डिग्री तापमान हिसार में दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से चार डिग्री अधिक है।
सोमवार को नारनौल का तापमान 48.3 डिग्री दर्ज किया गया था, जो मंगलवार को हल्की बारिश के बाद 44.8 डिग्री रह गया। मौसम में हल्के बदलाव के बावजूद लोग दिन में गर्मी से बेहाल रहे। हालांकि कई शहरों में बादल छाए रहने से थोड़ी राहत मिली।
वातावरण में नमी की मात्रा ज्यादा होने के कारण उमस ने लोगों को परेशान किया। हिसार में झुलसाने वाली गर्मी से सड़क का तारकोल तक पिघल गया। खास बात यह कि प्रदेश के ज्यादातर शहरों को न्यूनतम तापमान बढ़कर 30 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। प्रदेश में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान नारनौल में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान बढ़ने से लोगों की रात की नींद उड़ गई। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार 12 व 13 जून को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक बादल और कहीं-कहीं हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
इस कारण बढ़ा रात का तापमान
मौसम विभाग के अनुसार आसमान में बादल छाए रहने के कारण गर्मी वातावरण से बाहर नहीं जा पाती, जिस कारण से तापमान में एक साथ इतनी बढ़ोतरी होती है। आसमान साफ होने के साथ तापमान में गिरावट आ जाती है।
11 जून को प्रमुख शहरों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
अधिकतम- न्यूनतम
अंबाला-45 27.2
भिवानी-45.3 30.4
फरीदाबाद-45.2 30.3
गुरुग्राम-44.8 30.4
हिसार-45.5 30.8
करनाल-44.0 27.8
कुरुक्षेत्र-44.6 28.0
नारनौल -44.8 31.61
रोहतक -44.5 30.2
सिरसा-44.6 31.2