संत रामपाल गिरफ्तार, 18000 ने किया सरेंडर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अवमानना मामले में संत रामपाल को गिरफ्तार करने में लगी पुलिस को आखिरकार सफलता मिल गई। पुलिस ने हिसार के सतलोक आश्रम से बाबा को गिरफ्तार करके एंबुलेंस में चंडीगढ़ लेकर जा रही है।
संत रामपाल का चेहरा छुपाकर आश्रम से ले जाया गया। माना जा रहा है कि चंडीगढ़ पीजीआई में उसकी मेडिकल जांच की जाएगी। उसके बाद गुरूवार सुबह उसे कोर्ट में भी पेश किया जाएगा।
उधर, मंगलवार रात आश्रम से करीब 18 हजार अनुयायियों ने पुलिस के सामने सरेंडर किया। पुलिस ने संत के बेटे, भाई और प्रवक्ता राजकपूर समेत करीब 150 अनुयायियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उनमें 70 को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने रामपाल समेत कई लोगों के खिलाफ बरवाला थाने में हत्या के प्रयास और देशद्रोह का मामला दर्ज किया है। बुधवार को एक घायल महिला के दम तोड़ने के बाद मरने वालों की संख्या छह हो गई है।
मरने वालों में 5 महिलाएं, एक बच्चा
बुधवार सुबह आश्रम से पांच अनुयायियों के शव बाहर निकाले गए, जिन्हें अग्रोहा मेडिकल कालेज में रखा गया है। आश्रम की ओर से मंगलवार को पांच लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए उनका वीडियो भी जारी किया गया था। सुबह एक और घायल महिला ने दम तोड़ दिया। मरने वालों में रोहतक भगवती पुर निवासी संतोष (45), दिल्ली निवासी सविता (31), बिजनौर निवासी राजबाला (70) और पंजाब के संगरूर निवासी मलकीत कौर (50), रजनी (20) और एक डेढ़ साल का बच्चा शामिल है।
पुलिस का आश्रम खाली कराओ अभियान मंगलवार देर रात से ही शुरू हो गया था। जिसके तहत बुधवार शाम तक 18000 अनुयायियों ने सरेंडर कर दिया था।
पुलिस महानिरीक्षक अनिल राव ने बताया है कि रात को ही करीब 11 हजार लोग निकाले जा चुके थे, जिन्हें जांच और पहचान के बाद रेलवे स्टेशन पर भेजा गया। इसके बाद दिन में भी यह सिलसिला जारी रहा।