चंडीगढ़ : एक फरवरी से खुलेंगे सरकारी स्कूल, अभिभावकों की मंजूरी अनिवार्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ प्रशासन ने शुक्रवार को छठी से आठवीं तक की कक्षा के लिए एक फरवरी से सरकारी स्कूल खोलने के निर्देश जारी कर दिए हैं। शहर में नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के स्कूलों को पहले ही दो नवंबर से खोल दिया गया था। हालांकि निजी स्कूलों का कहना है कि वे पहले अभिभावकों से पूछेंगे कि क्या वे अपने बच्चों को स्कूल भेजना चाहते हैं।
शिक्षा निदेशक रूबिंदरजीत सिंह बराड़ ने बताया कि अगले हफ्ते जिला शिक्षा अधिकारी, स्कूल प्रमुखों और अभिभावकों के साथ बैठक कर स्कूल खोलने संबंधी दिशानिर्देश जारी कर दिए जाएंगे। स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को अपने अभिभावकों की लिखित में अनुमति जमा करवानी होगी।
चंडीगढ़ प्रशासन ने अपने आदेश में निजी स्कूलों को खोलने को लेकर कोई जिक्र नहीं किया है। हालांकि शहर के प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपलों का कहना है कि वे जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं, इसलिए स्कूल पहले अभिभावकों के बीच एक सर्वे कराएंगे कि क्या वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए तैयार हैं। अगर अभिभावक हामी भरेंगे तो ही स्कूल खोलने पर फैसला लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार अभी सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं को दो नवंबर से दो शिफ्ट में बुलाया जा रहा है। इसमें 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी सुबह व 9वीं और 11वीं के विद्यार्थी दोपहर के सत्र में स्कूल आते हैं। छठी से आठवीं तक की कक्षाएं मार्च से ही बंद हैं।
हमें प्रशासन की तरफ से कोई निर्देश नहीं मिले
अभी तक हमें छठी से आठवीं तक के लिए स्कूल खोलने संबंधी कोई निर्देश नहीं मिले है। प्रशासन को पंजाब की तर्ज पर पांचवीं से आठवीं तक के स्कूल खोलने चाहिए थे। हम सरकारी स्कूलों के खुलने पर हालात का जायजा लेंगे। इसके बाद अभिभावकों के बीच सर्वे करवाकर उनकी राय मांगी जाएगी। इसके बाद ही स्कूल खोलने पर विचार करेंगे। अभी निजी स्कूलों में सिर्फ प्री-बोर्ड के लिए 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को बुलाया जा रहा है। -एचएस मामिक, अध्यक्ष, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन।
एक फरवरी से दसवीं को प्री बोर्ड परीक्षा के लिए बुलाएंगे
जब तक अभिभावकों को ऑनलाइन कक्षा का विकल्प दिया जाएगा, तब तक वे बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। निजी स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं अच्छे से चल रही हैं। अब तक हमने जो सर्वे करवाया है, उनमें लगभग सभी अभिभावकों ने ऑनलाइन कक्षा के लिए प्राथमिकता भरी है। हम एक फरवरी से दसवीं कक्षा के लिए ऑफलाइन प्री-बोर्ड परीक्षा आयोजित करवा रहे हैं। यह सभी विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य है। इसमें ऑनलाइन का विकल्प नहीं दिया जाएगा। - लुइस लोपेज, प्राचार्य, सेंट स्टीफन स्कूल।