गुडन्यूज: दिल्ली जाए बिना जा सकेंगे गाजियाबाद
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की पहल के बाद सोनीपत के लोगों का गाजियाबाद-मोदीनगर का रास्ता सुगम होने जा रहा है।
अब तक गाजियाबाद के लिए पहुंच या तो ट्रेन के रास्ते थी या फिर दिल्ली आईएसबीटी से बस द्वारा। एकमात्र ट्रेन में जहां भीड़ यात्रा दुष्कर बना देती थी वहीं बस से वाया दिल्ली रास्ता लंबा होने के साथ जाम और अन्य परेशानियों से थकाने वाला है।
अब मोदी नगर से जो बस सोनीपत आएगी व जाएगी, उससे दिल्ली को पार करने के झंझट से तो छ़ुटकारा मिलेगा ही, साथ में मोदी नगर तक का रास्ता भी 20 से 25 किमी छोटा हो जाएगा।
यूपी परिवहन निगम उपलब्ध कराएगा बस सुविधा
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम जल्द ही हरियाणा के सोनीपत तक बस सुविधा उपलब्ध कराएगा। मोदीनगर से निवाड़ी-बागपत होकर चलने वाली इन बसों से सैकड़ों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। यूपी परिवहन के एआरएम कार्मिक अतुल श्रोती ने इस रूट पर बस चलाने की संस्तुति करते हुए स्वीकृति के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
मोदीनगर से सोनीपत रूट पर रोजाना सैकड़ों यात्रियों का आवागमन होता है। इस रूट पर बस संचालन न होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता रहा है। यूपी और हरियाणा रोडवेज से इस रूट पर बस चलाने की मांग कई साल से चल रही है। इसको लेकर मोदीनगर क्षेत्र के लोगों ने प्रार्थना पत्र एआरएम कार्मिक अतुल श्रोती को दिया था।
इसमें कहा गया था कि सोनीपत जाने के लिए अभी दिल्ली आईएसबीटी जाना पड़ता है। इसके बाद हरियाणा परिवहन निगम की बसों से सफर कर वहां पहुंचते हैं। जबकि मोदीनगर से निवाड़ी होकर बागपत के स्टेट हाइवे-57 से गौरीपुर चेक पोस्ट होकर कुछ ही देर में हरियाणा पहुंचा जा सकता है।
इस रूट पर करीब यूपी के 50 गांवों के लोगों को तो लाभ मिलेगा ही, साथ में सोनीपत के लोगों को भी ट्रेन के बाद एक ऐसी बस सेवा मिलेगी जो कि सीधे लोनी, गाजियाबाद और मोदीनगर को सोनीपत से जोड़ेगी।
यह होगा बस का रूट
यूपी परिवहन निगम की पहल के बाद अब सोनीपत से मोदीनगर का रास्ता 20 से 25 किमी कम हो जाएगा। यात्री सोनीपत से बहालगढ़, खेवड़ा, पलड़ा-पलड़ी, गढमिरकपुर के बाद यमुना पार कर बस से गौरीपुर चेकपोस्ट, बागपत और लोनी के रास्ते गाजियाबाद, मोदीनगर पहुंचेंगे।
अब तक यात्रियों को सोनीपत से मोदीनगर तक जाने के लिए सोनीपत से कुंडली बार्डर, सिंधु बार्डर, करनाल बाईपास, आईएसबीटी होते हुए गाजियाबाद से मोदी नगर जाना पड़ता था। रास्ता लंबा तो था ही साथ में पैसे और समय दोनों ही बर्बाद होते थे। ऊपर से दिल्ली की भीड़भाड़ भी लोगों के लिए आफत के समान थी।
मोदीनगर तक फैलेगा कारोबार
मोदीनगर तक सीधी बस सेवा से क्षेत्र के लोगों को बहुत फायदा मिलेगा। यहां के लोगों का काम धंधा गाजियाबाद तक फैला है। आवागमन सुगम होगा तो कारोबार भी आगे मोदीनगर तक फैलेगा। सोनीपत से गाजियाबाद के लिए ही हर रोज तकरीबन 10 से 12 हजार लोग सफर करते हैं। अब इनकी पहुंची गाजियाबाद से पार मोदीनगर तक होगी।
रेल के बाद मिली सीधी बस सेवा
सोनीपत से गाजियाबाद के लिए ट्रेन के बाद अब लोगों को सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा। वर्तमान में पानीपत से गाजियाबाद के लिए सुबह एक पैसेंजर ट्रेन है। शाम को यह ट्रेन वापस लौटती है।
ट्रेन के छूटने के बाद लोगों को आईएसबीटी का रास्ता पार करना ही मजबूरी थी। अब कम से कम लोगों को बस के रूप में एक ऐसा विकल्प मिलेगा जो कि कम समय में मोदीनगर तक का रास्ता पार कराएगा। संभव है कि यूपी की पहल के बाद हरियाणा रोडवेज भी इस रूट पर बस सेवा दे।
यूपी की पहल, हरियाणा अभी मौन
सोनीपत और हरियाणा के लोगों के लिए फायदेमंद माने जा रहे इस रूट पर बस सेवा चलाने की पहल फिलहाल उत्तर प्रदेश की तरफ से हुई है। इस मामले में हरियाणा फिलहाल मौन है। यूपी परिवहन के एआरएम कार्मिक अतुल श्रोती ने बताया कि लोगों की मांग वाजिब है। इसकी स्वीकृति कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
जल्द ही वहां से स्वीकृति मिल जाएगी और बसों को गाजियाबाद से वाया मोदीनगर होकर सोनीपत तक चला दिया जाएगा। दूसरी तरफ, हरियाणा रोडवेज सोनीपत के जीएम जयपाल राणा ने कहा कि सोनीपत रोडवेज फिलहाल इस रूट पर कोई बस चलाने की योजना पर काम नहीं कर रही है। मामला इंटर स्टेट का है।
इसे चंडीगढ़ से ही आपरेट किया जाएगा। यात्रियों की मांग आती है तो वे इस रूट पर बस चलाने का प्रस्ताव चंडीगढ़ मुख्यालय भेज देंगे, फै सला सरकार को लेना है। फिलहाल बागपत के लिए सोनीपत से कई बसें चल रही हैं।