दर्शनों के बाद सिख को आतंकी कहा जाता है तो 100 बार ऐसा बनने के लिए तैयार: श्री अकाल तख्त साहिब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता के बयान की कड़ी निंदा की है। पाकिस्तान दौरे पर गए जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह शनिवार को सुबह गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब पहुंचे।
गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने के बाद जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि अगर मुस्लिम मक्का में नतमस्तक होने के बाद, हिंदू श्री कटासराज में माथा टेकने के बाद और ईसाई येरुशलम में माथा टेकने के बाद आतंकवादी नहीं बनता तो फिर एक सिख गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में माथा टेकने के बाद लौटते हैं तो वह आतंकवादी कैसे बन सकता है।
वह कई घंटों से गुरुद्वारा श्री करतापुर साहिब में हैं, उनको सभी तरफ से प्यार व सत्कार मिला है। सिखों के लिए गुरुधामों के दर्शन अपनी जान से भी प्यारे हैं। उन्होंने ने श्री ननकाना साहिब, पंजा साहिब के भी दर्शन किए हैं। गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के प्रांगण से भेजी एक वीडियो में जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह स्थानीय सिखों से भी मिले।
जत्थेदार ने कहा कि अगर गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में माथा टेकने के बाद सिखों को आतंकवादी कहा जाता है तो सिख इस प्रकार के आतंकवादी बनने के लिए सौ बार तैयार हैं। सिखों के लिए गुरुद्वारा साहिब के दर्शन बहुत जरूरी है। उन्होंने मांग की है कि भारत व पंजाब सरकार डीजीपी पर सख्त करवाई करे।
दिनकर गुप्ता पर एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए, उन्होंने सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने सभी धर्म के लोगों से अपील की वह गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करके आएं। जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब में माथा टेकने के लिए आई विदेश संगत से बातचीत की। संगत के आग्रह पर उन्होंने फोटो भी खिचवाईं।
जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब की परिक्रमा के दर्शन किए। संगत के लिए तैयार किए जाने वाले लंगर की व्यवस्था देखी। प्रसादा तैयार कर रही महिलाओं के साथ बातचीत की। संगत के जूठे बर्तन साफ करने वाले स्थान पर भी जत्थेदार गए। ज्ञानी हरप्रीत ने पंगत में बैठ कर लंगर छका। बता दें कि जत्थेदार 12 सदस्यीय वफद के साथ एक सप्ताह के दौरे पर पाकिस्तान की यात्रा पर हैं।