फतेहाबाद में गुंडागर्दी: हथियारों के साथ घर में घुसे युवकों ने की तोड़फोड़, मोटरसाइकिलों को लगाई आग
अशोक नगर में युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया। परिवार ने कमरों में छिपकर जान बचाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फतेहाबाद शहर के अशोक नगर में हथियारों के साथ 15 से 20 युवकों ने घर में घुसकर आतंक मचाया। युवकों ने मंगलवार रात 11 बजे घर में घुसकर तोड़फोड़ की और घर के अंदर खड़े दो मोटरसाइकिल से तेल निकालकर आग लगा दी। घर में रखा कूलर, फ्रिज, पंखे और रसोई के सामान को तोड़ दिया। जान बचाने के लिए परिवार के लोग कमरे में छिप गए। इस दौरान भी आरोपी युवकों ने दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर युवक मौके से फरार हो चुके थे। हमले में महिला कलावती घायल हुई है, जिस पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला कलावती और मंगल सिंह ने बताया कि मंगलवार रात को करीब 11 बजे परिवार के पांच सदस्य घर पर सोए हुए थे। इस दौरान 15 से 20 लोग घर में घुस आए और उन्होंने ईंट बरसानी शुरू कर दी। युवकों के पास कुल्हाड़ी, तलवार व अन्य तेजधार हथियार थे। युवकों ने घर में खड़ी मोटरसाइकिल के साथ तोड़फोड़ की और फिर आग लगा दी।
इसके अलावा घर में रखे फ्रिज, कूलर व अन्य सामान को तोड़ दिया। जान बचाने के लिए वह कमरे में छिपे और दरवाजा बंद कर दिया, लेकिन हमलावर युवकों ने दरवाजे को तोड़ने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी युवक फरार हो गए। मंगल सिंह ने बताया कि घरौंडा, नुप्पी, शिबु आदि ने अपने साथियों के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है। पुरानी रंजिश के चलते हमला करने का आरोप लगाया जा रहा है।
आरोप : 30 मिनट बाद पहुंची डायल 112
हमलावरों का शिकार हुए मंगलसिंह ने बताया कि घटना के दौरान ही उन्होंने डायल 112 टीम को सूचना दी। लेकिन 30 मिनट बाद टीम पहुंची, इससे पहले हमलावर फरार हो चुके थे। जबकि 30 मिनट हमलावर तोड़फोड़ करते रहे।
16 दिन में आगजनी और तोड़फोड़ की दूसरी घटना
शहर में गुंडागर्दी लगातार बढ़ रही है। 16 दिन में घर में घुसकर आगजनी और तोड़फोड़ की दूसरी घटना है। 18 अप्रैल को मातूराम कॉलोनी में भी घर में घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया था।
मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। मामले में श्रवण ने शिकायत दी है और आरोप लगाया है कि उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई और मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। -ओमप्रकाश, शहर थाना प्रभारी