किसानों के समर्थन में कल मोहाली रहेगा बंद, खरड़ मे जुटेंगे अन्नदाता, दूध की सप्लाई रहेगी जारी
- मेडिकल स्टोर, होटल, रेस्टारेंट, किराना की दुकानें खुलेंगी, दूध की सप्लाई रहेगी जारी
- सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात, एसएसपी की पूरे हालात पर नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कृषि विधेयकों के विरोध में शुक्रवार को पूरा मोहाली बंद रहेगा। हालांकि लोगों की सुविधा के लिए जरूरी चीजों की सभी दुकानें खुलेगी रहेंगी। यहां तक कि रेस्टोरेंट और होटल भी खुलेंगे। वेरका द्वारा लोगों को दूध की सप्लाई भी नियमित रहेगी। दूसरी ओर बंद को व्यापारी, कलाकार, एडवोकेट, साहित्यकार और अन्य वर्गों के सभी लोगों ने अपना समर्थन दिया है।
जानकारी के अनुसार, किसान खरड़ में इकट्ठे होंगे। इसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशनों समेत सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल का कहना है कि पुलिस की तरफ से सारे इंतजाम पूरे किए गए है।
मोहाली व्यापार मंडल के प्रधान विनीत वर्मा का कहना है कि व्यापार मंडल ने किसानों को पूरा समर्थन देने का फैसला लिया है। किसानों के पक्ष में मोहाली में जरूरी चीजों को छोड़कर अन्य सभी दुकानें शाम चार बजे तक बंद रहेंगी। उनका कहना है कि मोहाली जिले में ऐसे बहुत से लोग और युवा हैं, जो यहां नौकरी करने या पढ़ने आए हैं। उनकी परेशानी को देखते हुए होटल व रेस्टोरेंट को भी बंद से छूट दी गई है।
दूध की सप्लाई नहीं होगी बाधित
वेरका के एचआर मैनेजर एके मिश्रा का कहना है कि किसानों के धरने के चलते उन्होंने अपनी दूध की सप्लाई एडवांस कर दी है। पहले यह सप्लाई सुबह चार बजे तक हो जाती थी। लेकिन गुरुवार रात दो बजे तक ही सप्लाई पहुंचा दी गई है। वहीं, शाम को किसानों के धरने के बाद ही ग्रामीण कमेटियों से दूध इकट्ठा किया जाएगा।
सोहाना में यूथ ऑफ पंजाब वाले होंगे एकजुट
यूथ ऑफ पंजाब संस्था की तरफ से गुरुद्वारा सिंह शहीदां के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। संस्थान ने सभी राजनीतिक पार्टियों से अपील की है कि वे राजनीति से ऊपर उठकर किसानों का समर्थन करें।
जिला बार एसोसिएशन भी किसानों के साथ
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान मनप्रीत सिंह चहल ने कहा कि उनकी एसोसिएशन किसान आंदोलन का पूरा समर्थन करती है। साथ ही देश के अन्नदाता के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि बार एसोसिएशन की तरफ से इस संबंध में फैसला लिया गया है। मीटिंग में एसोसिएशन के सारे सदस्य मौजूद रहे।