चंडीगढ़वासियों को बड़ी राहत, इस साल नहीं बढ़ेंगे बिजली के दाम, ये वजह आई सामने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ के 2 लाख 12 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को ज्वाइंट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (जेईआरसी) ने बड़ी राहत दी है। अब सिटी में साल 2019-20 में बिजली के दाम नहीं बढ़ेंगे। इसके अलावा 5 प्रतिशत बढ़े सरचार्ज को भी वापस ले लिया गया है। उपभोक्ताओं को यह राहत घरेलू और व्यावसायिक दोनों ही कैटेगरी में मिली है।
यह जानकारी यूटी प्रशासन के इलेक्ट्रिक विभाग ने दी है। बताते चलें कि बिजली विभाग के पास 18.65 करोड़ रुपये सरप्लस हैं, जिसके चलते इस बार बिजली के रेट नहीं बढ़ाए जाने का फैसला लिया है। बिजली विभाग ने तीन माह पूर्व चंडीगढ़ में साल 2019-20 में बिजली के रेट में कोई बढ़ोतरी न करने का प्रस्ताव ज्वाइंट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (जेईआरसी) को भेजा था।
इसके तहत न तो डोमेस्टिक कैटेगरी के रेट बढ़ेंगे और न ही कॉमर्शियल के। विभाग की ओर से बिजली के दाम नहीं बढ़ाने को लेकर जो पिटीशन जेईआरसी को भेजी गई थी, उसमें स्पष्ट था कि बिजली विभाग के पास 18.65 करोड़ रुपये सरप्लस हैं, इसलिए विभाग अगले वित्तीय वर्ष के लिए बिजली के रेट में किसी तरह की बढ़ोतरी नहीं चाहता है। बीते तीन साल में बिजली विभाग ने कॉमर्शियल अकाउंट के घाटे को काफी हद तक कम कर लिया है। जेईआरसी के इस फैसले से शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है।
वर्ष 2018-19 में बढ़े थे मामूली रेट
चंडीगढ़ में वर्ष 2018-19 के लिए बिजली के मामूली रेट बढ़ाए गए थे। डोमेस्टिक कंज्यूमर को प्रति यूनिट 20 पैसे और कॉमर्शियल कंज्यूमर को प्रति यूनिट 15 पैसे एक अप्रैल से ज्यादा देने पड़ रहे हैं। पूरे बिल पर 5 फीसदी रेगुलेटरी सरचार्ज अलग से लग रहा है। यानी अगर 2000 रुपये का बिल आता है तो उस पर 100 रुपये रेगुलेटरी सरचार्ज देना पड़ रहा है।
यह सरचार्ज डोमेस्टिक, कॉमर्शियल और इंडस्ट्री पर लागू है। हालांकि, इंडस्ट्री की बिजली दरों में कमी की गई है। ध्यान रहे कि बिजली विभाग के आंकड़ों के मुताबिक चंडीगढ़ में 2.12 लाख उपभोक्ता हैं। इसमें डोमेस्टिक कैटेगरी में 1.75 लाख आते हैं और इसमें 94 फीसदी रेगुलर बिल का भुगतान करते हैं।
3 साल तक नहीं हुई थी बढ़ोतरी
अप्रैल 2016-17 से पहले 2012-13 में कमीशन ने 14 प्रतिशत तक बिजली का टैरिफ बढ़ा दिया था लेकिन उसके बाद जेईआरसी ने साफतौर पर कह दिया कि जब तक विभाग कामर्शियल ऑडिट नहीं करवाता, तब तक टैरिफ नहीं बढ़ाया जा सकता। बिजली विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर राजेंद्र सिंह के अनुसार जेईआरसी ने मई 2016 में मल्टी ईयर टैरिफ अप्रूव कर दिया था।
तब टैरिफ 17.78 फीसदी बढ़ाने की सिफारिश की थी। इसके बाद भी बिजली विभाग का पिछले साल का घाटा 268 करोड़ रुपये पहुंच गया था। बिजली विभाग ने 2017 में जेईआरसी के समक्ष पिटीशन दायर की थी, लेकिन जेईआरसी ने टैरिफ नहीं बढ़ाया था।
इसलिए नहीं बढ़े दाम
जेईआरसी की ओर से हर साल टैरिफ रिवाइज किया जाता है। वहीं, मल्टी ईयर टैरिफ सिस्टम (एमवाईटी) के माध्यम से बिजली के दामों की बढ़ोतरी तीन साल में की जाती है। बीते साल में हर साल 20 से 25 फीसदी तक बिजली के दाम बढ़ाए जाते रहें हैं लेकिन इस बार बिजली विभाग को अधिक नुकसान नहीं हुआ है, जिसके चलते मल्टी ईयर टैरिफ सिस्टम के अंतर्गत बिजली के दामों को नहीं बढ़ाया गया है।
चंडीगढ़ में बिजली के रेट
कंज्यूमर्स स्लैब टैरिफ
कॉमर्शियल 0-151 5.00 रुपये
151-400 5.30 रुपये
400 से अधिक 5.60 रुपये
डोमेस्टिक 0-151 2.75 रुपये
151-400 4.80 रुपये
400 से अधिक 5.20 रुपये