सीएम सुनेंगे गुरुग्राम में जनता की समस्याएं, रोहतक और सिरसा गृह मंत्री अनिल विज के जिम्मे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समितियां नई सरकार में फिर से अस्तित्व में आ गई हैं। राज्यपाल की मंजूरी के बाद समितियों का पुनर्गठन करते हुए मुख्य सचिव कार्यालय ने चेयरमैन की नियुक्ति की अधिसूचना बुधवार को जारी कर दी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल को जिला गुरुग्राम का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
सभी चेयरमैन संबंधित कमेटियों की मासिक बैठक लेकर जनता की समस्याओं का निवारण सुनिश्चित करेंगे। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को जिला फरीदाबाद और पानीपत का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। गृह मंत्री अनिल विज को जिला रोहतक और सिरसा की जिम्मेदारी मिली है। शिक्षा मंत्री कंवर पाल को जिला करनाल और अंबाला, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा को जिला सोनीपत और कैथल का चेयरमैन लगाया गया है।
बिजली मंत्री रणजीत सिंह जिला हिसार और फतेहाबाद, कृषि मंत्री जय प्रकाश दलाल जिला चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ का जिम्मा संभालेंगे। सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल को जिला नूंह और पलवल का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओम प्रकाश यादव जिला रेवाड़ी और झज्जर, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा जिला कुरुक्षेत्र, पुरातत्व एवं संग्राहालय राज्य मंत्री अनूप धानक जिला भिवानी और जींद, खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह जिला पंचकूला और यमुनानगर के चेयरमैन होंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गृह मंत्री अनिल विज के गृह जिला करनाल व अंबाला के लोगों की समस्याएं निपटाने का जिम्मा कंवरपाल को मिला है।
हरियाणा विधानसभा की ग्यारह कमेटियों के अध्यक्ष, सदस्य मनोनीत
हरियाणा विधानसभा की ग्यारह विभिन्न कमेटियों के अध्यक्ष और सदस्य मनोनीत कर दिए गए हैं। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता ने वर्ष 2019-20 की शेष अवधि के मनोनीत किया है। विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा हरियाणा विधानसभा की आवास कमेटी के पदेन अध्यक्ष होंगे, जबकि विधायक असीम गोयल, दूड़ा राम, प्रदीप चौधरी व रणधीर सिंह गोलन इस कमेटी के सदस्य होंगे।
इसी तरह विधायक हरविंद्र कल्याण को सार्वजनिक लेखा कमेटी का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है, जबकि विधायक किरण चौधरी, दूड़ा राम, डॉ. अभय सिंह यादव, सुधीर कुमार, वरूण चौधरी, मामन खान, जोगी राम सिहाग और नयनपाल रावत कमेटी के सदस्य होंगे। विधायक सुभाष सुधा को अनुमान कमेटी का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
विधायक राव दान सिंह, घनश्याम सर्राफ, डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, प्रमोद कुमार विज, अमरजीत ढांडा, अमित सिहाग, सुरेंद्र पंवार और बलराज कुंडू कमेटी के सदस्य होंगे। विधायक असीम गोयल सार्वजनिक उपक्रम कमेटी के अध्यक्ष होंगे। विधायक विनोद भ्याना, लीला राम, राम कुमार गौतम, भारत भूषण बत्तरा, राजेश नागर, चिरंजीव राव, कुलदीप वत्स और रणधीर सिंह गोलन इस कमेटी के सदस्य होंगे।
विधायक ईश्वर सिंह अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण कमेटी के अध्यक्ष होंगे। विधायक मोहम्मद इलियास, जगदीश नायर, बिशम्बर सिंह, लक्ष्मण नापा, सत्य प्रकाश, रेणू बाला और धर्म पाल गोंदर इस कमेटी के सदस्य होंगे। विधायक डॉ. रघुवीर सिंह कादियान सरकारी आश्वासन कमेटी के अध्यक्ष होंगे।
विधायक कुलदीप बिश्नोई, लक्ष्मण सिंह यादव, निर्मल रानी, सीताराम, शमशेर सिंह गोगी, सुभाष गंगौली, राम करन और सोमबीर सांगवान इस कमेटी के सदस्य होंगे। इसी प्रकार, विधायक डॉ. कमल कुमार गुप्ता को अधीनस्थ विधान समिति के अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। विधायक कृष्ण हुड्डा, जगबीर सिंह मलिक, बिशन लाल सैनी, राम कुमार कश्यप, प्रवीन डागर, रामनिवास और एडवोकेट जनरल, हरियाणा इस कमेटी के सदस्य होंगे।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा याचिका कमेटी के अध्यक्ष होंगे। विधायक गीता भुक्कल, शकुंतला खटक, नैना सिंह चौटाला, दीपक मंगला, संजय सिंह और राकेश दौलताबाद इस कमेटी के सदस्य होंगे। विधायक दीपक मंगला को स्थानीय निकाय तथा पंचायती राज संस्थानों पर गठित कमेटी का अध्यक्ष मनोनीत किया है जबकि प्रदीप चौधरी, मोहन लाल बदोली, नरेंद्र गुप्ता, संजय सिंह, शिशपाल सिंह, नीरज शर्मा, राम निवास और धर्मपाल गोंदर इस कमेटी के सदस्य होंगे।
जनस्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली तथा लोकनिर्माण (भवन एवं सड़कें) कमेटी के लिए विधायक महिपाल ढांडा को अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। विधायक अभय सिंह चौटाला, जगदीश नायर, आफताब अहमद, धर्मसिंह छौकर, मोहन लाल बदोली, मेवा सिंह, शैली और देवेंद्र सिंह बबली इस कमेटी के सदस्य होंगे।
विधायक सीमा त्रिखा शिक्षा, तकनीकि शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गठित कमेटी की अध्यक्ष होंगी। विधायक राजिन्द्र सिंह जून, गोपाल कांडा, विनोद भ्याना, राम कुमार गौतम, नरेंद्र गुप्ता, श्री बलबीर सिंह, वरूण चौधरी और बलराज कुंडू इस कमेटी के सदस्य होंगे।