फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Delhi Police Naka on Tikri And Singhu Border Wrestlers Protest Update News

Wrestlers Protest: दिल्ली जा रहीं महिला किसानों ने टीकरी बॉर्डर पर तोड़ा पुलिस का नाका, बनी रही तनाव की स्थिति

Sun, 07 May 2023 01:34 PM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, बहादुरगढ़/सोनीपत (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, बहादुरगढ़/सोनीपत (हरियाणा) Published by: निवेदिता वर्मा Updated Sun, 07 May 2023 01:34 PM IST
सार

सिंघु बॉर्डर पर भी नाका लगाकर जांच की जा रही है। पहलवानों के धरने को किसानों व खापों के समर्थन के चलते सुरक्षा बढ़ाई गई है। दिल्ली की सीमा में नाका लगाया गया है, पुलिस के जवान व अधिकारी ड्यूटी दे रहे हैं।

विज्ञापन
Delhi Police Naka on Tikri And Singhu Border Wrestlers Protest Update News
टीकरी बॉर्डर पर लगा दिल्ली पुलिस का नाका। - फोटो : संवाद

विस्तार

दिल्ली के टीकरी बॉर्डर पर रविवार को एक बार फिर से किसान और दिल्ली पुलिस आमने-सामने हो गए। महिला पहलवानों के समर्थन के लिए जंतर मंतर के लिए निकले किसानों के जत्थे को दिल्ली पुलिस ने टीकरी बॉर्डर पर रोक लिया। लेकिन महिला किसान दिल्ली पुलिस के नाकों को तोड़कर पैदल ही आगे बढ़ चली। महिला किसानों ने एमसीडी के कमर्शियल टोल प्लाजा पर जाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क पर जाम लगा दिया। जिसके बाद दिल्ली पुलिस के हाथ पैर फूल गए और आनन-फानन महिला किसानों के जत्थे को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। 

विज्ञापन


लगभग 10 बसों में सवार होकर महिला किसान पंजाब के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली के जंतर मंतर के लिए आई हैं। अपने साथ में खाना बनाने का सामान भी लेकर किसान पहुंचे हैं। 
विज्ञापन


महिला किसानों का कहना है कि सरकार को भारतीय कुश्ती महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को तुरंत गिरफ्तार करना होगा। महिला पहलवान लगातार धरना प्रदर्शन कर रही हैं और मंच से बता रही हैं कि उनके साथ यौन शोषण हुआ है। ऐसे में आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए और सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए। महिलाओं ने कहा कि अगर उन्हें रोका गया तो वहीं रुक जाएंगी। फिलहाल वे एक दिन के प्रदर्शन के लिए दिल्ली आई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


पंजाब की भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) से जुड़ी हुई सैकड़ों महिलाएं कल ही पंजाब से दिल्ली के लिए रवाना हो गई थी। महिलाओं का पहला पड़ाव जींद में था और आज का पड़ाव जंतर मंतर पर रहने वाला है। महिलाओं के साथ भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के प्रधान जोगेंद्र सिंह उगराहां भी जंतर-मंतर गए हैं। जोगिंदर उगराहां का कहना है कि इस मामले में जांच की जरूरत नहीं है। जब बेटियां कह रही हैं कि उनके साथ यौन शोषण हुआ है तो उन्हें न्याय मिलना चाहिए। बृजभूषण शरण सिंह को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए और सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए। अगर सरकार ने जल्द ही बृजभूषण शरण को गिरफ्तार नहीं किया तो वह बड़ा आंदोलन करेंगे। इतना ही नहीं संयुक्त किसान मोर्चा ने भी देश भर में 11 मई से 18 मई तक महिला पहलवानों के समर्थन में प्रदर्शन करने का एलान किया है।




काफी देर तक जद्दोजहद के बाद दिल्ली पुलिस ने किसानों के जत्थे की गाड़ियों के नंबर नोट करके किसानों को दिल्ली जाने की अनुमति दे दी। काफी समय तक किसानों और पुलिस की आमने सामने आने से तनाव की स्थिति बनी रही। आज हरियाणा की खाप पंचायतें दिल्ली महापंचायत करने जा रही हैं। इसे देखते हुए दिल्ली के टिकरी बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

सिंघु बॉर्डर पर नाका लगा की जा रही जांच
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों को दिल्ली पुलिस से हुई झड़प के बाद हर तरफ से समर्थन मिल रहा है। किसानों व खापों के समर्थन की घोषणा के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। दिल्ली पुलिस ने सिंघु बॉर्डर पर नाका लगा रखा है। वाहनों को जांच के बाद ही दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं कुंडली बॉर्डर पर सोनीपत पुलिस की भी एक कंपनी तैनात कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने के साथ ही ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए पुलिस तैनात है।



दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवान ओलंपियन बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक व विनेश फोगाट लगातार धरना दे रहे हैं। पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह शरण की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सांसद बृजभूषण सिंह शरण पर दिल्ली पुलिस पॉक्सो समेत दो धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चुकी है, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है। जिसकी मांग को लेकर पहलवान डटे हैं। 3 मई की रात को पहलवानों संग दिल्ली पुलिस की झड़प के बाद उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है। ऐसे में पंजाब व हरियाणा के किसानों व खाप संगठनों के दिल्ली कूच को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। पंजाब व हरियाणा के किसानों व खाप प्रतिनिधियों के दिल्ली में पहुंचने से रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं। 

दिल्ली पुलिस की सिंघु बॉर्डर पर भारी संख्या में तैनाती की गई है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने वाटर कैनन, रेत से भरकर डंपर व क्रेन भी बॉर्डर पर खड़े किए हैं। दिल्ली पुलिस वाहनों को जांच के बाद ही दिल्ली जाने दे रही है। जिससे वाहनों की कतार लग जाती है।

सोनीपत पुलिस भी अलर्ट पर, एक कंपनी तैनात
दिल्ली पुलिस की तरफ से सुरक्षा बढ़ाने के बाद सोनीपत पुलिस भी अलर्ट पर है। इंस्पेक्टर जोगेंद्र ग्रेवाल के नेतृत्व में 100 जवानों की कंपनी को तैनात किया गया है। हालांकि सोनीपत पुलिस वाहनों को नहीं रोक रही है। इंस्पेक्टर जोगेंद्र ग्रेवाल का कहना है कि पुलिस को सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किया गया है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।



चेकिंग के चलते बनी जाम की स्थिति, डेढ़ किलोमीटर तक रेंग रहे वाहन
दिल्ली पुलिस की तरफ से सिंघु बॉर्डर पर नाका लगाकर वाहनों की जांच कर ही आगे भेजे जाने के चलते नेशनल हाईवे-44 पर जाम की स्थिति बन गई है। वाहन रेंगते हुए दिल्ली की सीमा में प्रवेश कर रहे है। नेशनल हाईवे पर करीब डेढ़ किलोमीटर तक वाहन फंसे हुए है। दिल्ली पुलिस के साथ ही सोनीपत पुलिस भी वाहनों को निकालने में लगे है। कुंडली की बॉर्डर के बजाय वाहनों को अन्य संपर्क मार्गों से निकाला जा रहा है। जिसके चलते सफियाबाद व औचंदी बॉर्डर पर भी वाहनों की लाइन लगी है। पुलिस को वाहनों को निकालने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।

दिल्ली रवाना हुए खाप प्रतिनिधियों को बहादुरगढ़ मेट्रो पर रोका 
रोहतक में  महम चौबीसी सर्व खाप पंचायत के आह्वान पर कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण प्रकरण को लेकर हुए फैसले के तहत रविवार को खाप प्रतिनिधियों ने दिल्ली की ओर रुख किया। रोहतक खाप 84 के अध्यक्ष हरदीप अहलावत के नेतृत्व में खाप प्रतिनिधि बहादुरगढ़ होते हुए दिल्ली की ओर बढ़े। इन्हें पुलिस ने बहादुरगढ़ मेट्रो स्टेशन पर ही रोक लिया।

रविवार सुबह खाप प्रतिनिधियों का दल दिल्ली की ओर रवाना हुआ। इस दल को पुलिस ने बहादुरगढ़ से आगे नहीं बढ़ने दिया गया। बहादुरगढ़ मेट्रो स्टेशन पर तैनात पुलिस ने इस दल को आगे बढ़ने से रोक दिया। यहां खाप प्रतिनिधियों व पुलिस के बीच काफी देर तक जोर आजमाइश धक्का मुक्की हुई। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि महम में हुए फैसले के तहत सभी दिल्ली कूच पर निकले हैं। शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया जाएगा। जहां पुलिस रोक देगी वहीं से वापस लौट जाएंगे। 

इधर, सांघी से 7-8 लोगों के साथ दिल्ली रवाना हुए। इसके अलावा मोनिका सिसरोली, हुड्डा खाप की तरफ से कृष्ण लाल हुड्डा, देशवाल खाप की तरफ से संजय लाढोत, लाखन माजरा से सुरेंद्र, औम प्रकाश सतगावां प्रधान सुनारिया समेत अनेक लोग दिल्ली रवाना हुए।

कुरुक्षेत्र में जनसंघर्ष मंच का प्रदर्शन 
कुरुक्षेत्र में जनसंघर्ष मंच दिल्ली में आंदोलनरत खिलाड़ियों के पक्ष में उतर आया। पुराने बस अड्डे पर दिल्ली पुलिस का पुतला फूंका गया। प्रदर्शन सुदेश कुमारी के नेतृत्व में किया गया। सुदेश कुमारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने खिलाड़ियों के साथ बदसलूकी की है, जो किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जा सकती। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। सरकार को खिलाड़ियों की मांगों व समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। यह सरकार की नाकामी है कि खिलाड़ी जिन्हें मैदान में होना चाहिए था, आज वे इतने दिनों से धरना देने को मजबूर हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed