पंजाबः कक्षा में पढ़ रहे छात्रों पर गिरा छत का मलबा, तीन छात्राओं को आई चोट
लालड़ू के गांव दप्पर के सरकारी हाईस्कूल में चल रही कक्षा के दौरान कमरे की छत का मलबा गिर गया। हादसे में एक छात्रा घायल हो गई, जिसे तुरंत डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो अन्य छात्राओं को मामूली चोट आई है। घटना के बाद कक्षा में पढ़ रहे सभी विद्यार्थी सहम गए।
सरकारी हाईस्कूल दप्पर की अध्यापिका गुतेंद्र व अध्यापक एकजोत ने बताया कि शनिवार को करीब एक बजे कक्षा 10वीं-ए के विद्यार्थियों को साइंस की अध्यापिका रेखा अग्रवाल पढ़ा रहीं थीं। तभी अचानक कमरे की छत के लेंटर का ईंट व सीमेंट युक्त मलबे का बड़ा हिस्सा अचानक छात्राओं पर आ गिरा। छात्रा रजनी का हाथ मलवे की चपेट में आने से गहरी चोट आई और खून बहने लगा।
अध्यापिकाओं ने तुरंत अपनी कार से छात्रा को सरकारी अस्पताल डेराबस्सी में भर्ती कराया। वहीं, दो छात्राओं शिवानी और शिंपी को मामूली चोट आई है। कक्षा में इस दौरान 16 छात्राएं व 10 छात्र उपस्थित थे और सभी बुरी तरह से सहम गए, जिन्हें सुरक्षित कमरे में ले जाया गया।
स्कूल के अध्यापकों ने बताया कि स्कूल के एक कमरे का 5 वर्ष पहले व लाइब्रेरी का 4 वर्ष पहले छत का मलवा गिरने के कारण इन्हें बंद कर दिया गया था। अध्यापकों ने बताया कि उक्त 10वीं का कमरा बेशक बहुत पुराना था, लेकिन इसकी हालत ठीक होने के कारण यहां कक्षा लगाई जा रही थी। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
मौत के साए में शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर विद्यार्थी
पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने के अनेक दावे करती आ रही है, लेकिन हकीकत ये है कि आज भी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी खस्ताहाल इमारतों में मौत के साए में शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं। बता दें कि दप्पर के इस सरकारी स्कूल में बारिश के दिनों में स्कूल कैंपस में पानी की निकासी न होने के कारण पानी नए बने कमरों में जमा हो जाता है, जिस कारण विद्यार्थियों व स्टाफ को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अध्यापकों द्वारा समस्याओं को कई बार उच्चाधिकारियों को सूचित करने के बाद भी इनका आज तक हल नहीं निकल सका।