मां ने किया ममता का कत्ल: प्रेमी के साथ मिलकर बेटे को मार डाला, नाले के पास शव को जलाया
पंजाब के गुरदासपुर में मां ने 26 वर्षीय विवाहित बेटे का बेरहमी से कत्ल करवा दिया। वारदात में महिला का प्रेमी भी शामिल था। सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने शव को जला भी दिया। इतना ही नहीं जब पुलिस ने लापता बेटे की पहचान के लिए अधजले शव को दिखाया तो बेरहम मां ने पहचानने से इनकार कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अपने प्यार के बीच बेटे को रोड़ा बनते देख मां ने प्रेमी के साथ मिलकर उसका कत्ल कर दिया। ममता का कत्ल करने वाली मां ने हद तब कर दी जब उसने बेटे की लाश नाले के पास जला दी। इस हत्या के 24 घंटे बाद ही गुरदासपुर पुलिस ने आरोपी मां और उसके प्रेमी को काबू कर लिया। पुलिस ने एक अज्ञात के खिलाफ थाना काहनूवान में मामला दर्जकर लिया है।
रविवार को गांव झंडा लुभाना के निवासी त्रिलोचन सिंह ने पुलिस को सूचित किया कि उसके खेत के पास से गुजरने वाली छोटे नाले के पुल के नीचे उसे एक अधजली लाश मिली है। जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने डीएसपी (डी) राजेश कक्कड़ की निगरानी में मुख्य थाना प्रभारी काहनूवान एवं भैणी मिआं खां और सीआईए स्टाफ समेत एक टीम का गठन किया।
एसएसपी डॉ. नानक सिंह प्रेसवार्ता में बताया कि अज्ञात शव की पहचान रणदीप सिंह उर्फ बॉबी (26) पुत्र कुलवंत सिंह निवासी बलवंडा के रुप में हुई है। मामले की जांच में यह बात सामने आई कि मृतक की माता रूपिंदर कौर के सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा निवासी चक्क शरीफ के साथ पिछले छह माह से संबंध थे। रूपिंदर कौर ने ही सुखविंदर सिंह व उसके दोस्त गुरजीत सिंह के साथ मिलकर रणदीप सिंह का कत्ल किया है।
हत्या करने से पहले रणदीप सिंह को उसकी मां ने नींद की दवा खिलाई और नशे की हालत में ही आरोपियों ने बेरहमी के साथ रणदीप सिंह के सिर पर हथौड़ी व तेज चाकू से वार कर हत्या कर दी। कत्ल को छिपाने के लिए तीनों आरोपियों ने मिलकर शव को जला दिया।
अपने ही बेटे का शव पहचानने से आरोपी मां ने किया इंकार
गांव में रणदीप सिंह के गुम होने की खबर आग की तरह फैली थी। थाना काहनूवान के प्रभारी आरोपी मां रूपिंदर कौर के पास गए तो उन्होंने कहा कि ड्रेन से एक युवक की लाश मिली है। मृतक की शिनाख्त के लिए जब रूपिंदर कौर को लाश दिखाई गई तो उसने पहचानने से इनकार कर दिया।
विवाहित था मृतक रणदीप सिंह
मृतक रणदीप सिंह शादीशुदा था। उसकी पत्नी विदेश में थी। जबकि एक भाई फौज में नौकरी करता है। पिता भी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होकर अब एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहे हैं।
मृतक युवक के खाते से निकाले थे पांच लाख रुपये
मृतक रणदीप सिंह के खाते में पांच लाख रुपये थे। वह अपनी पत्नी के पास कनाडा जाना चाहता था। इस दौरान मां इतनी शातिर थी कि उसने अपने बेटे को अपनी बातों में बहला फुसलाकर पांच लाख रुपये भी अपने खाते में जमा करवा लिये। इतना ही नहीं पैसे खाते में आने के बाद आरोपी महिला अपने बेटे से नफरत करने लगी, क्योंकि वह बेटे की मौजूदगी में अपने प्रेमी से मिल नहीं पा रही थी। पुलिस के मुताबिक महिला और उसके प्रेमी ने रणदीप को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया।