पंजाब में जमीन विवाद में दो हत्याएं: पटियाला में सगे भाइयों ने किया कत्ल, मुक्तसर में शख्स को उतारा मौत के घाट
पंजाब के पटियाला और मुक्तसर जिले में जमीन विवाद में दो लोगों की हत्या कर दी गई। पटियाला में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुक्तसर में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पटियाला जिले के थाना भादसों के गांव रायमल माजरी में जमीन विवाद में सगे भाइयों ने लाठियों और पाइप से एक 45 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामला सामने आते ही पुलिस ने सगे भाइयों समेत सात को नामजद कर लिया है। पांच आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया है।
सुखविंदर कौर निवासी गांव रायमल माजरी ने पुलिस को बयान दिया है कि उसके पति बलजिंदर सिंह का अपने भाइयों बलविंदर सिंह और लाडी के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 23 मई को रात करीब साढ़े नौ बजे उनका लड़का भुपिंदर सिंह काम से घर लौट रहा था।
रास्ते में गांव की आटा चक्की के पास आरोपी बलविंदर सिंह, लाडी और उनके साथियों बिल्लू, खुशिया, सतनाम सिंह, भीती सिंह और जस्सी ने उनके लड़के को घेरकर गाड़ी के शीशे पर ईंट मारी। यह ईंट शीशा तोड़ते हुए भुपिंदर सिंह के सिर पर लगी। घायल भुपिंदर ने अपने पिता को फोन किया लेकिन वह मौके पर पहुंचते इससे पहले ही किसी तरह से भुपिंदर सिंह मौके से बच निकलने में सफल रहा।
जब उसका पति बलजिंदर सिंह मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उस पर लाठियों और पाइप से हमला कर दिया। उसको घायल अवस्था में एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहां से बलजिंदर को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बलजिंदर की मौत हो गई। पुलिस ने केस में सभी आरोपियों को नामजद करके बलविंदर सिंह, लाडी, बिल्लू, भीती सिंह और जसप्रीत सिंह जस्सी को काबू कर लिया है।
मुक्तसर: जमीन विवाद में एक कत्ल, छह पर केस दर्ज
मुक्तसर के गांव मल्लन के कोठे अमरगढ़ में गुरुवार को जमीन विवाद में एक व्यक्ति के कत्ल का मामला सामने आया है। थाना कोटभाई पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर मामला दर्ज किया है। मृतक की पत्नी छिंदर कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति छिंदा सिंह अपने खेत में गया था।
इस दौरान उनके पड़ोसी खेत के मालिक सुरजीत सिंह, गुरजीत सिंह, मुख्त्यार, संदीप सिंह, जीता सिंह, गुरप्रीत सिंह ने उसके पति पर हमला कर दिया। जिसे अंदरूनी चोटें लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छिंदर कौर के अनुसार आरोपियों के साथ जमीन का विवाद था। रंजिश के चलते इन लोगों ने उसके पति पर हमला कर मार दिया है।
थाना कोटभाई के एसएचओ नवप्रीत सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर गिद्दड़बाहा के सिविल अस्पताल में भेजा गया है। जहां पर पोस्टमार्टम के बाद शव पपरजनों को सौंप दिया जाएगा।