खतरनाक साजिश: फिरोजपुर में भारत-पाक सीमा पर मिला टिफिन बम, जलालाबाद की सब्जी मंडी थी निशाना
पंजाब के फिरोजपुर में पुलिस ने भारत-पाकिस्तान की सीमा के नजदीक एक खेत से टिफिन बम बरामद किया है। चार दिन पहले जलालाबाद में एक बाइक में जोरदार धमाका हुआ था। इस टिफिन बम के तार को भी उसी से जोड़ कर देखा जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बुधवार रात्रि सवा आठ बजे जलालाबाद सब्जी मंडी के नजदीक हुई विस्फोट की घटना के चार दिन बाद शनिवार शाम को आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा के जीजा प्रवीन कुमार निवासी धर्मूवाला (जलालाबाद) के खेत से टिफिन बम मिला है। यह खेत भारत-पाकिस्तान की सीमा के नजदीक है।
इस बम के मिलने से स्पष्ट हो गया है कि आरोपी बलविंदर सिंह और सुक्खा ने सब्जी मंडी में ब्लास्ट कर बड़ी तबाही मचाना चाहते थे, क्योंकि रात के समय मंडी में लोगों की खचाखच भीड़ होती है। ब्लास्ट में इस्तेमाल की गई बाइक तीन माह पूर्व मानसा के गांव कोट फत्ता से चुराई गई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीमांत गांव धर्मूवाला में आरोपी सुखविंदर सिंह की बहन की ससुराल है।
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुक्खा के जीजा की जमीन है। शुक्रवार को धर्मूवाला के एक ग्रामीण ने प्रवीन के खेत में एक टिफिन बम जैसी वस्तु देखी और उसने तुरंत गांव के सरपंच को सूचित किया। सरपंच ने उसी समय थाना सदर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वारदातस्थल पर आईजी जतिंदर सिंह औलख, फाजिल्का के एसएसपी दीपक हिलोरी के अलावा पुलिस फोर्स पहुंच गई। जब देखा कि ये टिफिन बम है तो पूरे इलाके को सील कर दिया गया। जालंधर से बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्वायड को बुलाया गया।
प्लास्टिक के टिफिन में आरडीएक्स, दो मैगनेट और डेटोनेटर मौजूद थे। आरोपियों ने बाइक की पेट्रोल से भरी टंकी के नीचे टिफिन बम लगाकर मंडी में ब्लास्ट करना चाहते थे, जिससे सैकड़ों लोगों की जान जा सकती थी। इन लोगों को ट्रेनिंग नहीं होने के चलते ये ब्लास्ट मंडी पहुंचने से पहले ही हो गया और इसमें आरोपी बलविंदर सिंह खुद मारा गया। उसका साथी सुक्खा वहां से फरार हो गया।
सुक्खा दूर खड़ा बलविंदर का इंतजार कर रहा था कि मंडी में बाइक रखकर जैसे आएगा और दोनों दूसरी बाइक से फरार हो जाएंगे। मंडी पहुंचने से पहले ही ब्लास्ट हो गया और इनकी योजना असफल हो गई। जानकारों का कहना है कि उक्त आरोपियों ने मानसा के गांव कोट फत्ता से तीन माह पहले एक बाइक चुराई थी।
यह बाइक मंजीत सिंह नामक व्यक्ति की थी। इस व्यक्ति ने इस संबंध में तीन माह पूर्व थाना बरेटा में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस को बाइक की चेचिस नंबर से पता चला था कि उक्त बाइक मंजीत की है। इसीलिए मंजीत को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। इस संबंध में एसएसपी दीपक हिलोरी ने राष्ट्रीय सुरक्षा का मसला बताकर कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
फिरोजपुर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ रही हथियारों की तस्करी
पंजाब के फिरोजपुर में तस्कर पाकिस्तान से तबाही मचाने का सामान मंगवा रहे हैं। इसकी पुष्टि सीमांत गांव धर्मूवाला के खेत से मिले टिफिन बाक्स बम से हो रही है। हुसैनीवाला बार्डर से सटे गांव में रहने वाले ज्यादातर तस्कर जलालाबाद से सटी भारत-पाकिस्तान की सरहद को सुरक्षित मानकर वहां से हेरोइन और असलहा की तस्करी करते हैं।
शुक्रवार को जलालाबाद के गांव महालम से सटी सरहद से 45 करोड़ रूपये की हेरोइन बरामद हुई थी । ये हेरोइन तस्कर जसवीर सिंह उर्फ गग्गू निवासी फिरोजपुर की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद की। खुफिया सूत्रों के मुताबिक कुछ माह से फाजिल्का से सटी सरहद के रास्ते हेरोइन और असलहा की तस्करी के मामलों में वृद्धि हुई है। यहां सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की चौकसी होने के बावजूद पाकिस्तान से आसानी से मादक पदार्थ और गोला बारूद की खेप पहुंच रही है। जिसे बाद में पंजाब में आतंकियों तक पहुंचाया जा रहा है।
पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल का खुलासा किया है, उनसे विस्फोट सामग्री भी पकड़ी है। पुलिस ने तरनतारन जिले के हरजीत सिंह और शमशेर सिंह को भी काबू किया है। अब पूछताछ के दौरान स्पष्ट होगा कि बलविंदर सिंह और सुक्खा के पकड़े गए आतंकियों से संबंध है या नहीं। सूत्रों का कहना है कि सुक्खा व बलविंदर के पूरे परिवार से अब पूछताछ की जाएगी। आशंका जाहिर की जा रही है कि पाकिस्तान से दहशत का सामान काफी बड़ी खेप में फिरोजपुर पहुंच चुका है।