कहासुनी के बाद ढाबे पर भिड़े दो गुट, तीन दोस्तों को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दशहरा मनाने के बाद रात को ढाबे पर खाना खाने के लिए निकले तीन दोस्तों की कुछ युवकों से मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों गुटों के बीच हाथापाई हुई और एक गुट ने तीनों दोस्तों पर गोलियां चला दी। तीनों के एक-एक गोली लगी और वे तीनों बुरी तरह से घायल हो गए।
गोलियां चलते ही वहां ढाबे में बैठे सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी और थाना मोती नगर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आने पर तीनों को सीएमसी में दाखिल करवाया गया। घायलों की पहचान हबीबगंज निवासी गुरप्रीत सिंह, डिवीजन तीन के पास रहने वाले करणवीर सिंह और गौरव के रूप में हुई है।
तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस तीनों के बयान दर्ज करने गई थी लेकिन डॉक्टरों ने तीनों की हालत देखते हुए उन्हें अनफिट घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार गुरप्रीत, करण और गौरव तीनों दशहरा मेला देखने के लिए निकले थे। देर रात को तीनों ने खाना खाने का प्लान बनाया और ट्रांसपोर्ट नगर स्थित शंकर ढाबे पर खाना खाने के लिए बैठ गए।
जब तीनों खाना खा रहे थे वहां चार युवक और आ गए। खाना खाने के दौरान तीनों की युवकों के साथ मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान दोनों तरफ के युवकों ने हाथापाई शुरू कर दी। एक गुट के युवकों ने गुरप्रीत, करण और गौरव पर गोलियां चला दीं।
इससे तीनों घायल हो गए। जब गोलियां चलीं तो ढाबे पर काम करने वाले लोग और अंदर खाना खा रहे सभी लोग भाग खड़े हुए। हथियार देख कर किसी ने भी आगे आने की हिम्मत नहीं दिखाई। आरोपियों के फरार होने पर पुलिस वहां पहुंची तो घायलों को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहां से उन्हें सीएमसी रेफर कर दिया गया। वहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है।