Amritsar News: नारायणगढ़ से फरार तीन गैंगस्टर काबू, मुठभेड़ के बाद दो साथी पहले ही गिरफ्तार
एक दिसंबर को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान उक्त तीनों को बचाकर अजनाला के गांव सरां तक पहुंचाने वाले की पहचान घनूपुर काले के राहुल के तौर पर की गई है। बहुत जल्द पुलिस उसे भी काबू कर लेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार देर रात नारायणगढ़ में मुठभेड़ के दौरान फरार होने वाले तीनों गैंगस्टरों को अजनाला थानाक्षेत्र के गांव सरां से काबू कर लिया है। एक दिसंबर की दोपहर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार रोबिन और रवि की निशानदेही पर पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है। काबू तीनों आरोपियों के कब्जे से 30 बोर के तीन और 32 बोर के 11 कारतूस मिले हैं। पुलिस कमिश्नर जसकरण सिंह ने शनिवार की शाम पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
सीपी जसकरण सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी गैंगस्टरों को पुलिस से बचाकर सरां गांव तक पहुंचाने वाले राहुल को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस के हाथों से बचकर निकलने वाले तीन गैंगस्टर अजनाला के गांव सरां निवासी मक्का के घर में छिपे हैं। इसके तुरंत बाद शुक्रवार देर रात को ही पुलिस ने बख्तरबंद गाड़ियों में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ सरां गांव को घेर लिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मक्का के घर से तरनतारन जिला के सरहाली थाना के गांव खारा निवासी गुरजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला, छेहरटा थाना में डेरा बाबा दर्शन सिंह के निकट काले घनूपुर निवासी हरदेव सिंह उर्फ गोपी और अमृतसर के लोपोके थाना के गांव चोगांवा निवासी वरिंदर सिंह उर्फ मिट्ठू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 30 बोर के तीन और 32 बोर के 11 कारतूस मिले हैं।
उन्होंने बताया कि एक दिसंबर को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान उक्त तीनों को बचाकर अजनाला के गांव सरां तक पहुंचाने वाले की पहचान घनूपुर काले के राहुल के तौर पर की गई है। बहुत जल्द पुलिस उसे भी काबू कर लेगी। वहीं दूसरी तरफ उक्त तीनों बिल्ला, गोपी और मिट्ठू को आश्रय देने वाले मक्का के खिलाफ देहात पुलिस के थाना अजनाला में केस दर्ज करवा दिया गया है।
यह है मामला
एक दिसंबर की दोपहर को सूचना के बाद छेहरटा पुलिस ने नारायणगढ़ चौक से नारायणगढ़ बाजार तक आने वाली इनोवा कार में पांच गैंगस्टरों की घेराबंदी की थी। इनोवा कार को घेरे जाने पर इन लोगों ने कार से बाहर निकलकर फायरिंग शुरू कर दी और अलग-अलग दिशाओं में भाग गए थे। इस दौरान आरोपी रोबिन सिंह ने पीछा कर रहे एएसआई बलविंदर सिंह पर मारने की नीयत से फायर किया जबकि बलदेव सिंह उर्फ रवि ने छेहरटा के अतिरिक्त थाना प्रभारी एसआई सुरमेल सिंह पर फायरिंग की। छेहरटा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ने पुलिस बल के साथ दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों की इनोवा कार अपने कब्जे में ले ली थी और तलाशी में पांच पिस्तौल, 13 कारतूस और पांच खोल भी मिले थे। तीन साथी फरार होने में कामयाब हो गए थे।