ढाबे की आड़ में तेल की कालाबाजारी, पेट्रोल निकालते वक्त लगी आग, तीन जिंदा जले, एक गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित गांव सरसीनी के नजदीक शुक्रवार को रामा पंजाबी ढाबे पर अवैध तौर पर तेल कैंटर से टुल्लू पंप के जरिए तेल निकालते समय बेंसमेंट में स्टोर तेल में अचानक आग लगने से धमाका हो गया। इस हादसे में तीन युवक जिंदा जल गए और एक की हालत गंभीर है और वह पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल है।
हादसे का मुख्य कारण टूल्लू पंप की बिजली की तार में स्पार्किंग को बताया जा रहा है। बेसमेंट से शवों को निकालते समय फायर स्टेशन अधिकारी डेराबस्सी भी जख्मी हो गए। उन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल डेराबस्सी में दाखिल करवाया गया है। घटनास्थल से मिली जानकारी के मुताबिक हाईवे पर स्थित रामा ढाबे के परिसर में पिछले लंबे समय से अवैध तौर पर पेट्रोल-डीजल की खरीद-फरोख्त का धंधा बेखौफ जारी था।
इस ढाबे के पीछे एक बेसमेंट में पट्रोल का भंडारण था। इसके बाद इसे आगे बेचने के लिए एक टुल्लू पंप की मदद से ड्रम से निकाला जाता था। इसी तरह शुक्रवार की दोपहर भी करीब 2:15 बजे बेसमेंट में से टुल्लू पंप की मदद से ढाबा मालिक सहित चार युवक पेट्रोल निकाल रहे थे। इसी दौरान टुल्लू पंप की बिजली की तार में अचानक स्पार्किंग हो गई और वहां रखे पेट्रोल ने आग पकड़ ली।
इससे भड़की तेज आग की लपटों में देखते ही देखते चारों लोग बुरी तरह झुलस गए। इनमें से एक युवक बाहर निकलने में कामयाब हो गया लेकिन वो भी आग की लपेटों में गंभीर रूप से झुलस गया था। यहां जमा हुए लोगों ने तुरंत उसके कपड़ों में लगी आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया। जबकि तीन लोग अंदर बेसमेंट में लगी आग में फंसे रहे और बाहर नहीं निकल पाए। जिससे तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय जसविन्द्र सिंह जस्सी पुत्र करनैल सिंह निवासी जौलाकलां, 30 वर्षीय बबलू निवासी तोफापुर और 20 वर्षीय विक्रम निवासी यमुनानगर, हरियाणा के तौर पर हुई है। जबकि गंभीर रूप से झुलसा 28 वर्षीय संदीप जौलाकलां का रहने वाला है। यह सभी शादीशुदा थे और आपस में रिश्तेदार थे। मृतक जसविन्द्र सिंह की चार बेटियां हैं। मृतकों के शव सरकारी अस्पताल डेराबस्सी के शवगृह में रखे गए हैं।
ढाबा मालिक और तेल टैंकर चालक के खिलाफ केस दर्ज
एसएसपी मोहाली सतिंदर सिंह ने बताया कि ढाबा मालिक और तेल टैंकर चालक के खिलाफ धारा 304 सहित गैर कानूनी तौर पर ज्वलनशील पदार्थ रखने के जुर्म में केस दर्ज किया गया है। वहीं अन्य टैंकर चालक जो इस ढाबे पर डीजल पेट्रोल बेचते थे, उनकी भी जांच की जा रही है। एडीसी मोहाली आशिका जैन और एसडीएम डेराबस्सी कुलदीप बाबा के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई है, जो हाईवे पर स्थित सभी ढाबों की जांच करेंगे और गैर कानूनी काम करने वाले ढाबा मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर ढाबे सील किए जाएंगे। वहीं रामा पंजाबी ढाबे को सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच करने के बाद अपनी रिपोर्ट देगी।
दस मिनट में पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी
दमकल विभाग डेराबस्सी के अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना दोपहर 2:24 पर मिलते ही वे तुरंत 10 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि बेसमेंट से आग की लपटें उठ रहीं थीं। उन्होंने तुरंत फॉग (झाग) इस्तेमाल कर आग पर 10-15 मिनट में काबू पा लिया। लेकिन बेसमेंट में गर्मी इतनी ज्यादा थी कि अंदर जा पाना मुश्किल था। उन्होंने बताया कि उनके एक अधिकारी प्रदीप राणा ने अंदर जाकर दो शव बाहर निकाले और इसी दौरान पेट्रोल की गैस चढ़ने से उनकी तबीयत खराब हो गई और तुरंत सरकारी अस्पताल डेराबस्सी में भर्ती करवाया गया है।