बीट बाॅक्स में टैक्सी चालक की पिटाई: पकड़ा गया पुलिस का झूठ, दोनों आरोपी सिपाही सारंगपुर थाने में तैनात हैं
घटना वाली रात 11 बजे मंजीत अपने चाचा के बेटे सुमित कुमार के साथ कार में खाना खा रहा था। इसी बीच पुलिस की वर्दी में दो लोग पहुंचे और उन पर शराब पीने का आरोप लगाने लगे। इसके बाद उनकी गाड़ी को खुद चलाते हुए दोनों को खुड्डा लाहौरा के बीट बॉक्स पर ले गए। जहां उनकी पिटाई की।
विस्तार
चंडीगढ़ में खुड्डा लाहौरा के पुलिस बीट बॉक्स में टैक्सी चालक की पिटाई और उसके दोस्त के गूगल पे से 500 रुपये ऐंठने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पीड़ित टैक्सी ड्राइवर से मारपीट करने और 500 रुपये गूगल पे करवाने वाले दोनों पुलिसकर्मी ही थे।
सूत्रों के मुताबिक दोनों सिपाही सारंगपुर थाने में तैनात हैं। इनमें से एक हाल ही में हुई सिपाही की भर्ती में नौकरी लगा था। घटना की रात दोनों सिपाहियों की नाइट पेट्रोलिंग ड्यूटी थी लेकिन सारंगपुर थाने के मुलाजिमों ने फर्जी पुलिसकर्मी बताकर पल्ला झाड़ लिया था। उधर, पीड़ित का दावा था कि दोनों पुलिसकर्मी थे।
अभी तक की जांच में पुलिस यह भी नहीं पता लगा पाई है कि 500 रुपये किसके नंबर पर ट्रांसफर हुए, जबकि गूगल पे ट्रांजेक्शन का सबूत पुलिस के पास है। पीड़ित इस मामले में दो बार एसएसपी कंवरदीप कौर को शिकायत दे चुका है। हालांकि, मामला संज्ञान में आने के बाद एसएसपी ने सारंगपुर थाना प्रभारी को एंक्वॉयरी मार्क कर दी थी। उनका कहना है कि जल्द ही एंक्वॉयरी रिपोर्ट आ जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का जवाब, नकली चाबी से खोल लिया होगा बीट बॉक्स
16 जुलाई की रात लगभग 12 बजे घटना के बाद जब पीड़ित सारंगपुर थाने पहुंचे तो वहां मुलाजिमों ने नकली पुलिसकर्मी बताकर पल्ला झाड़ लिया था। उनका कहना था कि बीट बॉक्स की चाबी वहीं पड़ी होती है या फिर किसी ने नकली चाबी बनवा ली होगी। पीड़ित ने कहा कि यह तो एक गंभीर मामला है कि नकली पुलिसकर्मी उनके एरिया में घूम रहे हैं तो मुलाजिमों का कहना था कि पकड़कर थाने लाते तभी कुछ पता चलता।
यह था पूरा मामला
घटना वाली रात 11 बजे मंजीत अपने चाचा के बेटे सुमित कुमार के साथ गुरुद्वारे के पास अपनी कार में खाना खा रहा था। इसी बीच पुलिस की वर्दी में दो लोग पहुंचे और उन पर शराब पीने का आरोप लगाने लगे। इसके बाद उनकी गाड़ी को खुद चलाते हुए दोनों को खुड्डा लाहौरा के बीट बॉक्स पर ले गए। मंजीत के अनुसार वहां अंधेरे में उसके साथ मारपीट की गई और छोड़ने के बदले दो हजार रुपये मांगे। इस दौरान उन दोनों के पास केवल 500 रुपये ही थे, जिसे सुमित के मोबाइल से गूगल पे के जरिए ट्रांसफर करवा लिया गया।
मामले की जांच चल रही है। जल्द ही रिपोर्ट आ जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर कारवाई की जाएगी। - कंवरदीप कौर, एसएसपी