मां-बहन को जहर खिलाकर खुद दे दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के अबोहर जिले से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। यहां प्रेमिका का प्यार पाने में असफल रहे युवक ने अपनी मां और बहन को जहर देकर मार डाला और बाद में खुद भी खुदकुशी कर ली।
दर्दनाक वारदात को अंजाम देने से पहले युवक ने सुसाइड नोट में लिख दिया कि भगवान ने भी उसकी नहीं सुनीं, इसलिए वह निराश होकर जान दे रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक का सुसाइड नोट और उसकी डायरी बरामद कर ली और तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में भेज दिए।
युवती से था प्रेम प्रसंग, तैयार नहीं थे परिजन
जानकारी के अनुसार अबोहर गली नं. 1-ए स्थित बीएल वैदिक स्कूल के पीछे रहने वाले 21 वर्षीय विशाल महेश्वरी सुपुत्र दिवंगत शिव कुमार का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
युवक की मां और बहन उस लड़की को घर की बहू बनाना चाहते थे लेकिन लड़की के परिजन तैयार नहीं थे। प्रेमिका को पाने में असमर्थ रहने के कारण मंगलवार रात विशाल ने जहरीली वस्तु किसी तरह अपनी मां ऊषा और बहन बिन्नी को खिला दी।
बाद में खुद भी जहर खा लिया। इससे तीनों की मौत हो गई। विशाल की एक बड़ी बहन अनु पत्नी रमेश राठी अबोहर में ही विवाहित है।
बड़ी बहन ने भेजा पति तो खुला मामला
अनु हर रोज सुबह करीब 10 बजे अपनी मां और बहन को फोन करके हालचाल पूछती थी। रोज की तरह बुधवार को भी उसने पहले मां को फोन किया और बाद में विशाल के मोबाइल को फोन किया। जब दोनों ने कोई जवाब नहीं दिया तो उसने अपने पति रमेश राठी को मायके भेजा। रमेश राठी जब वहां पहुंचे तो गेट अंदर से बंद था।
पड़ोसी की सहायता से छत के रास्ते अंदर झांक कर देखा तो एक बैड पर विशाल, उसकी 50 वर्षीय मां और दूसरे बैड पर करीब 19 वर्षीय बिन्नी मृत पड़ी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मृतक विशाल द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट और डायरी बरामद की है। डीएसपी जगदीश बिश्नोई ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। सुसाइड नोट के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।