{"_id":"1737af5a2a0451c44d50d7b436ed930a","slug":"student-brutally-beated-by-teacher-due-to-no-homework-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"होमवर्क न करने पर छात्र का किया वो हाल, पहुंचा अस्पताल ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
होमवर्क न करने पर छात्र का किया वो हाल, पहुंचा अस्पताल
ब्यूरो/अमर उजाला, भिवानी
Updated Tue, 28 Jul 2015 03:33 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्कूल में होमवर्क करके न आने पर शिक्षक ने 10वीं के छात्र की इतनी पिटाई की कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। छात्र के दांए हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। परिजनों ने शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए थाने में शिकायत दी है। मामला बवानीखेड़ा के सेठ हरनाम दास राजकीय वरिष्ठ मा.विद्यालय जाटू लोहारी का है। उधर, विभाग ने इस घटना से अनभिज्ञता जाहिर की है।
विज्ञापन
गांव के भानू खां का पुत्र संजय 10वीं का छात्र है। बीते शुक्रवार को वह स्कूल पहुंचा तो अर्थशास्त्र की क्लास में शिक्षक ने होमवर्क चेक कराने को कहा। काम पूरा न होने पर संजय ने क्षमायाचना करते हुए दलील दी कि वह अगले दिन होमवर्क पूरा कर लेगा। लेकिन छात्र के मुताबिक शिक्षक ने उसकी हथेलियों को उल्टा कर डंडे से पिटाई की। इससे दांए हाथ में गंभीर चोट आई।
विज्ञापन
चोट लगने का खुलासा तब हुआ, जब हाथ में सूजन आने के बाद संजय ने गर्म पट्टी बांध ली। संदेह होने पर परिजनों ने चोट के बारे में पूछा तो उसने घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने उसे भिवानी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
छात्र के पिता भानू खां का कहना है कि बेटे की पिटाई से आहत होकर वह शिकायत करने स्कूल पहुंचे तो संबंधित शिक्षक ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया। गलती मानने की बजाए लड़के को ही दोषी ठहराने लगा। चेतावनी दी कि अगर आगे भी काम पूरा करके नहीं आएगा तो इसी तरह पिटाई करेंगे। शिक्षक के गलत व्यवहार के बाद अभिभावक ने इसकी शिकायत थाने में दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
शिक्षक ने बेटे की बुरी तरह पिटाई की है, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया है। इसकी शिकायत लेकर हम स्कूल पहुंचे तो मास्टर उल्टे हम पर ही बरस पड़ा। शिकायत पुलिस को दे दी है। विभाग के अफसरों से भी मिलेंगे। -भानू खां, पीड़ित छात्र संजय के पिता।
राजकीय वरिष्ठ मा.विद्यालय के अर्थशास्त्र विषय के प्राध्यापक के खिलाफ शिकायत मिली है। इसकी जांच कर रहे हैं। छानबीन के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- देशराज दहिया, एसएचओ, बवानीखेड़ा
मैं दो दिनों तक स्कूल से बाहर था। आज ही लौटा हूं। इस तरह का मामला संज्ञान में आया है। जांच करा रहा हूं। अगर शिक्षक की गलती होगी तो समुचित कदम उठाया जाएगा।
- कमल नयन वशिष्ठ, प्राचार्य, सेठ हरनाम दास राजकीय व.मा.विद्यालय
शिक्षक द्वारा पिटाई की कोई शिकायत हम तक नहीं पहुंची है। अगर ऐसा कुछ है तो शिकायत मिलने पर जांच कराएंगे। संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी जाएगी।
- जयपाल फौगाट, खंड शिक्षा अधिकारी, बवानीखेड़ा