Punjab News: जालंधर में SHO गिरफ्तार, अमृतसर में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल
अमृतसर सिटी की ट्रैफिक पुलिस इस समय विवादों में है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कर चालक को रोककर चालान काटने की धमकी देकर ट्रैफिक पुलिस का एएसआई रिश्वत ले रहा है।
विस्तार
जालंधर में रिश्वत लेने के मामले में रामामंडी थाने के एसएचओ राजेश कुमार अरोड़ा को नवी बारादरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अरोड़ा के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ ही दो अन्य मुलाजिमों को भी नामजद किया गया है। इनकी पहचान संदीप और अनवर के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर राजेश अरोड़ा पर आरोप है कि उसने स्पा सेंटर मालिक से करीब 2.50 लाख रुपये की रिश्वत ली है। डीसीपी संदीप शर्मा ने बताया कि मामला रामामंडी के ग्रैंड स्पा सेंटर से जुड़ा है। राजेश अरोड़ा को कोर्ट में पेशकर रिमांड पर लिया जाएगा।
पुलिस को दिए बयान में तरन एनक्लेव, दकोहा (रामामंडी) के रहने वाले राजेश कुमार उर्फ साबी ने बताया कि वह रामामंडी के पास ग्रैंड बॉडी नाम से एक स्पा सेंटर चलाते हैं। बुधवार शाम करीब चार बजे पुलिस मुलाजिम अनवर और संदीप ने अपनी टीम के साथ स्पा सेंटर पर रेड की थी। इस दौरान स्पा सेंटर में उनकी पत्नी मौजूद थीं। उनके साथ स्पा सेंटर में काम करने वाली चार लड़कियां भी सेंटर के अंदर थीं, जहां दोनों मुलाजिमों ने महिलाओं से दुर्व्यवहार किया और सीसीटीवी बंद करवा दिया। इसके बाद सेंटर में लगा सीसीटीवी भी उतार लिया।
रुपये देने के बाद की शिकायत
पीड़ित ने कहा कि बिना किसी लेडी पुलिस मुलाजिम के सभी महिलाओं को रामामंडी थाने की चौकी नंगल शामा ले जाया गया और वहां उन्हें गैर कानूनी ढंग से रखा गया। जब वह थाने पहुंचा तो पुलिस ने बिना केस दर्ज किए उसकी पत्नी और चार महिला वर्कर्स को छोड़ दिया। इसके बदले में करीब 2.50 लाख रुपये की मांग की गई थी। पीड़ित ने किसी तरह ढाई लाख रुपये इकट्ठा कर पुलिस को दे दिए। दोनों मुलाजिमों ने साबी से कहा कि ये पैसे राजेश अरोड़ा को देने हैं, इसलिए ढाई लाख से कम नहीं कर सकते। पीड़ित ने पैसे तो दिए लेकिन बाद में इसकी शिकायत भी पुलिस अधिकारियों से कर दी।
रिश्वत ले रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की वीडियो वायरल
उधर, अमृतसर सिटी की ट्रैफिक पुलिस इस समय विवादों में है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कर चालक को रोककर चालान काटने की धमकी देकर ट्रैफिक पुलिस का एएसआई रिश्वत ले रहा है। यह वीडियो कचहरी रोड के दोआबा चौक का है। वहां पर एक ऑफिस में काम करने वाले का कहना है कि पिछले कई दिनों से दोनों ट्रैफिक पुलिस वाले लगातार लोगों को चालान काटने की धमकी देकर रुपये वसूल रहे थे। वीडियो इसलिए वायरल किया ताकि अधिकारियों को पता चल सके कि ट्रैफिक कंट्रोल करने की आड़ में पुलिस कर्मचारी कैसे लोगों से पैसे वसूल रहे हैं।
लुधियाना में नंबरदार को विजिलेंस ने पकड़ा
लुधियाना में शिफ्ट में काम करने की छूट के बदले पांच हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में नगर निगम जोन ए के एक नंबरदार को विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने उक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। शिकायत किसी और ने नहीं बल्कि सफाई सेवक ने दी थी। विजिलेंस ने गांव मत्तेवाड़ा के रहने वाले सफाई सेवक अशोक कुमार की शिकायत पर नंबरदार पंकज कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता अशोक कुमार ने विजिलेंस को दी शिकायत में बताया कि वह महानगर के प्रेम विहार इलाके में सफाई सेवक के रूप में काम करता है। सुबह 6 बजे से 11 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक की शिफ्ट में काम करता है। आरोपी नंबरदार ने उसे 800 मीटर के दायरे में काम करने के निर्देश के बावजूद 2400 मीटर का एरिया सौंप दिया। विजिलेंस ने शिकायत मिलने पर जांच शुरु की तो आरोप सही मिले। विजिलेंस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।