फिल्मी अंदाज में लूटी 70 लाख की बीएमडब्ल्यू
फिल्मी अंदाज में शातिरों ने मंगलवार को हरियाणा के अंबाला सिटी के सेक्टर 9 में 70 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू कार को इस तरह से लूटा कि किसी को कानों कान खबर तक नहीं हुई। प्लानिंग इतनी परफेक्ट थी कि खुद शोरूम संचालक ने यह कार अपने कर्मचारी के हाथों अंबाला सिटी पहुंचा दी।
इसके बाद जो प्लानिंग सामने आई, उसे सुनकर पुलिस भी हक्की-बक्की रह गई। शातिर कार लेकर फरार हैं, जबकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि इन शातिरों के पास हथियार भी थे। सोमवार को अंबाला सिटी के सेक्टर नौ में कुछ युवकों ने एक कोठी को किराये पर लिया।
इसके बाद मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित एक कार शोरूम संचालक को फोन किया, उन्हें बीएमडब्ल्यू कार की जरूरत है और कार की पेमेंट कोठी पर ही कर दी जाएगी। इसके बाद शोरूम संचालक ने यह कार अपने एक सेल्समैन सहित चालक को यह कार लेकर अंबाला सिटी के लिए रवाना कर दिया।
चालक व सेल्समैन कार लेकर सेक्टर नौ में बताए गए पते पर पहुंच गए। यहां इन दोनों को एक व्यक्ति मिला, इसके बाद कुछ और युवक कोठी में आ गए। इसी दौरान इन लोगों ने चाय में कुछ नशीला पदार्थ मिला दिया, इससे सेल्समैन और चालक को बेहोशी छाने लगी। इसी दौरान कुछ युवक आए और चाबी लेकर कार के फीचर देखने लगे। कुछ देर के बाद इन सभी ने सेल्समैन और चालक के हाथ पांव बांधे और दोनों को कोठी में बंद किया और कार लेकर रफूचक्कर हो गए।
बड़ी वारदात अंजाम दे सकते हैं शातिर
इसके बाद ये दोनों किसी तरह कोठी से बाहर आए घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस मामले में पुलिस की जांच को मोबाइल डिटेल से काफी कुछ हासिल हो सकता है।
जिस नंबर से फोन किया गया, उस नंबर की भी जांच की जाएगी। इस नंबर से किन नंबरों पर फोन हुए और पिछले दो दिनों में कौन उस मोबाइल नंबर के संपर्क में रहा, जिससे शोरूम संचालक को गाड़ी दिखाने के लिए फोन किया गया था।
कुछ समय पूर्व अंबाला-दिल्ली हाइवे से एक कार को लूटा गया था, जिनका एनकाउंटर भी हुआ। इस पूछताछ में भी खुलासा हुआ था कि किसी वारदात को अंजाम देने के लिए यह कार लूटी गई थी। हाल ही में कैंट से एक कार को लूटा गया, जबकि मंगलवार को सिटी में फिर से इसी तरह की वारदात सामने आई है।
एसआई गुलजार सिंह, प्रभारी पुलिस चौकी नंबर 9, अंबाला सिटी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल हर पहलुओं पर जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस पर कार्रवाई की जाएगी।