जेबीटी छात्रा के साथ दुराचार के बाद दरिंदगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले छात्रा को किडनेप किया, फिर दुराचार किया। उसके बाद छात्रा से इतनी दरिंदगी की कि रूह कांप उठेगी जानकर। कॉलेज जा रही एक जेबीटी छात्रा का अपहरण कर उसके साथ दुराचार के बाद दरिंदगी का मामला सामने आया है।
इतना ही नहीं विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा को जहर पिलाकर झाड़ियों में फेंक दिया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे पीजीआई में दाखिल कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया। मामला महम थाना क्षेत्र के एक गांव का है। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने भी पीजीआई पहुंचकर पीड़ित का हाल जाना। आरोपी छात्रा का पड़ोसी नरेश बताया जा रहा है।
युवती की हालत नाजुक बनी हुई है
महम थाना अंतर्गत एक गांव निवासी 21 वर्षीय युवती महम स्थित कॉलेज में जेबीटी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा है। रोजाना उसका बड़ा भाई उसे बाइक पर कॉलेज तक छोड़ने जाता था, लेकिन शुक्रवार को भाई के कहीं व्यस्त होने के कारण छात्रा पैदल ही कॉलेज जा रही थी। गांव के बाहर उसी के ही गांव का युवक नरेश बाइक लेकर आया और उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया।
इसके बाद वह उसे महम बस स्टैंड के पीछे झाड़ियों में ले गया और दुराचार किया। छात्रा का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और एक बोतल में भरा जहरीला पदार्थ उसे जबरन पिला दिया। इसके बाद आरोपी छात्रा को बस स्टैंड के पास ही फेंक कर फरार हो गया।
किसी यात्री ने छात्रा को अचेत पड़ा देखा तो उसके आईकार्ड पर लिखे नंबर से परिजनों को सूचित किया। शुक्रवार देर रात छात्रा को गंभीर हालत में पीजीआई में दाखिल कराया गया। महम थाना पुलिस ने छात्रा और परिजनों के बयान पर नरेश के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पहले भी किया था तंग, माफी मांगी थी
परिजनों ने बताया कि तीन-चार माह पहले भी आरोपी ने छात्रा को परेशान किया था। पंचायत में माफी मांगे जाने के बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था।
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने जाना हाल
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुमन दहिया ने पीजीआई पहुंचकर पीड़ित से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया और पीड़िता को हिम्मत बंधाई। मेडिकल जांच, पुलिस कार्रवाई और उसकी हालत का भी जायजा लिया।
दहिया ने प्रशासन को निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। उधर पीजीआई प्रबंधन ने गाइनी विभाग की सीनियर चिकित्सक की अध्यक्षता में मेडिकल बोर्ड का गठन किया है।
पढ़ने में है होशियार है मेरी बेटी
पीड़ित छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ने में होशियार है। स्कूल स्तर पर भी अव्वल रही है और अब वह जेबीटी कर रही है। उनके तीन लड़के और एक लड़की है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
छात्रा के बयान पर नरेश के खिलाफ अपहरण करने, मारपीट, दुराचार करने और जान से मारने का प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा।
प्रवीर कुमार, एसएचओ, थाना महम