बठिंडा में यूथ अकाली नेता की कनपटी में गोली मारकर हत्या, नकदी और रिवॉल्वर भी ले गए आरोपी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बठिंडा के थाना कनाल कॉलोनी के तहत पड़ती ठंडी सड़क से गुजर रहे एक्टिवा सवार यूथ अकाली नेता सुक्खन सिंह (29) की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद बदमाश मृतक के हजारों रुपये और रिवॉल्वर भी लूट ले गए। वारदात शनिवार देर रात लगभग पौने दस बजे की है।
जानकारी के अनुसार यूथ अकाली नेता सुक्खन सिंह निवासी लाल सिंह बठिंडा अपनी एक्टिवा पर शनिवार देर रात को ठंडी सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने अकाली नेता को घेर लिया और उसके सिर में दाईं ओर गोली मार दी। गोली लगने से अकाली नेता की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि अकाली नेता अपने घर से चालीस हजार रुपये और रिवॉल्वर लेकर जा रहा था। बदमाश वारदात के बाद 40 हजार रुपये और उसकी रिवॉल्वर भी ले गए।
मामले की सूचना मिलने के बाद पहुंची थाना कनाल पुलिस और डीएसपी सिटी गुरजीत सिंह ने वारदात स्थल पर जांच की। इसके बाद समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों की मदद से शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डीएसपी सिटी गुरजीत सिंह ने बताया के पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की एक्टिवा और चलाई गई गोली का खोल बरामद कर लिया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने थाना कनाल में हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि यूथ अकाली दल के नेता सुक्खन सिंह ने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान लाल सिंह बस्ती में स्थित एक बूथ पर अपने रिवॉल्वर से गोली चलाई थी। जिसको लेकर पुलिस ने इस नेता के खिलाफ थाना कनाल में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था।
पुलिस लूट और रंजिश के एंगल से कर रही जांच
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस हत्या के मामले की लूट और रंजिश के एंगल से जांच कर रही है। अकाली दल के पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला ने कहा कि अकाली दल ने अपना एक मेहनती कार्यकर्ता खो दिया है, जिसका पूरे अकाली दल को बहुत दुख है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पुलिस कर रही है, जांच के बाद पता चलेगा कि यूथ अकाली दल के नेता की हत्या क्यों की गई।
यह भी देखें: हमारे यू्ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब भी करें-
हत्यारों का इरादा लूट नहीं सुक्खन की हत्या का ही था
शनिवार को शाम सुक्खन ने परिवार वालों को फोन कर कहा था कि चालीस हजार रुपये निकालकर रखें, उसे किसी को ब्याज पर देने हैं। इसके बाद सुक्खन घर से चालीस हजार रुपये लेकर चला गया। देर रात उसे पुलिस के जरिये पता चला के सुक्खन की किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी है।
हत्या के बाद पुलिस कंट्रोल रूम पर किसी ने फोन करके बताया कि कोई ठंडी सड़क पर एक्टिवा समेत गिरा पड़ा है। पुलिस पहुंची तो वह सुक्खन निकला, और गोली लगने से उसकी मौत हो चुकी थी। सुक्खन मां-बाप का इकलौता बेटा और उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी। कुछ माह पहले न्यूजीलैंड से लौटी अपनी बड़ी बहन की शादी के लिए सुक्खन दूल्हे की तलाश कर रहा था।