लापता युवक का पोस्टर देख लगाया शातिर दिमाग, मांगी दो लाख की फिरौती, पुलिस ने किया गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रामनगर से 20 दिन से गायब बीबीए द्वितीय वर्ष के छात्र राहुल के लापता होने के पोस्टर लगे देख आपराधिक दिमाग ने माता-पिता की भावनाओं से खिलवाड़ कर रुपये ऐंठने का प्लान तैयार कर दिया। आईपीएल मैच में सट्टा लगाकर हारी रकम को चुकाने के लिए आरोपी ने यह प्लान बनाया था। पोस्टर पर लिखे नंबर को लेकर रविवार को पहले व्हॉट्सएप और फिर दो बार फोन कर फिरौती मांगी गई।
घबराए माता-पिता ने पुलिस को बगैर बताए एक लाख रुपये फिरौती मांगने वाले बैंक अकाउंट में जमा करा दिए और बाकी एक लाख रुपये राहुल के लौटने पर नकद देने की बात तय हुई। हालांकि परिजनों ने बाद में यह बात पुलिस को बता दी लेकिन तीन दिन बाद भी राहुल नहीं लौटा। इस दौरान पुलिस ने बैंक अकांउट नंबर के जरिए फिरौती मांगने वाले को धर दबोचा। सात मई से गायब राहुल को लापता हुए बुधवार को 22 दिन हो गए है, उसकी कोई खोज खबर नहीं है।
छोटा चाहिए तो 2 लाख का जुगाड़ कर लो
तहसील कैंप क्षेत्र के राम नगर निवासी राहुल पुत्र राज कुमार सात मई को संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। राहुल के लापता होने की शिकायत परिजनों ने थाना सिटी पुलिस की तहसील कैंप चौकी पुलिस को दी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर राहुल की तलाश शुरू कर दी थी। इधर, रविवार को राहुल के परिजनों के पास मोबाइल संख्या 8396857939 से व्हॉट्सएप मैसेज और फिर दो बाद कॉल आई।
अपहरणकर्ताओं ने राहुल के चचेरे भाई दीपक के पास व्हाट्सअप के नंबर पर रविवार सुबह 11:47 पर मैसेज किया था। उसमें अपहरणकर्ताओं ने लिखा था कि छोटा चाहिए तो दो लाख रुपये का जुगाड़ कर लो। इसके बाद दीपक ने वापस मैसेज का जवाब देते हुए लिखा कि पैसे तैयार हैं, कहां पहुंचाने हैं? इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने बैंक की डिटेल दी। दिए गए बैंक अकाउंट में परिजनों ने एक लाख रुपये जमा करा दिए। इसके बाद पैसे मिल जाने की कॉल की कि पैसे मिल गए हैं और बाकी रकम नकद लेगा।
अपहरणकर्ताओं व राहुल के चचेरे भाई दीपक की बातचीत के अंश:
अपहरणकर्ता: हैलो थारे एक लाख मन्नै मिल गए। बाकी के पीस्से मैं कैश लूंगा, अब तुम आराम से घर चले जाओ।
-दीपक: एक बार भाई से बात तो करवा दो। या उसकी फोटो भेज दो।
अपहरणकर्ता: ज्यादा सीआईडी करण की कोशिश की तो इस नै जान त मार दूंगा। पुलिस को बताया तो इसकी लाश भी नहीं मिलेगी।
अपहरणकर्ता हरियाणवी में करता रहा बातचीत
पुलिस पूरे मामले की कई पहलुओं पर जांच कर रही है। अपहरणकर्ता फोन पर राहुल के परिजनों से ठेठ हरियाणवी में बात कर रहा था। पुलिस इसको दो एंगल से देख रही है। इसमें तर्क है कि हो सकता है अपहरणकर्ता हरियाणवी में बात करके पुलिस की जांच का ट्रैक भटकाने का प्रयास कर रहा हो और दूसरा ये कि अपहरणकर्ता देहाती परिवेश का हो।
परिजनों ने चंडीगढ़ से दिल्ली तक चिपकाए राहुल के पोस्टर
परिजन राहुल की तलाश के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। परिजनों ने चंडीगढ़ से दिल्ली तक 20 हजार से अधिक राहुल के पोस्टर नहर, अस्पतालों, लघु सचिवायल, रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड व पुलिस थानों में लगा दिए हैं, लेकिन अब तक उसका सुराग नहीं लगा है।
मां ने खाना छोड़ा
राहुल अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। राहुल के पिता स्पीनिंग मिल चलाते हैं। मां बिंटू गृहणी हैं। जब से राहुल लापता हुआ है मां ठीक से खाना भी नहीं खा रही है। जब से अपहरणकर्ता का फोन आया है उसके बाद से सहमी मां ने खाना भी छोड़ दिया है।
वो दो घंटे ही खोलेंगे राज
शनिवार को राहुल परिजनों को जन्मदिन पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। सवा आठ बजे राहुल घर से निकला था। वो सवा 10 बजे घर लौटकर आया था। राहुल दो घंटे तक घर से बाहर रहा। अगले दिन सुबह 6 बजे राहुल ये कहकर घर से चला गया था कि वो पांच मिनट में वापस आ रहा है। इसके बाद राहुल घर नहीं लौटा।
राहुल अकसर सुबह घर से बाहर नहीं निकलता था। पुलिस व परिजनों ने इस बात का भी पता किया है कि शनिवार को राहुल किसी जन्मदिन की पार्टी में नहीं गया था। उस रात को दो घंटे ही राहुल कहां रहा था। पुलिस इसकी जांच कर रही है। वो दो घंटे ही इस मामले का खुलासा करेंगे।
फिरौती मांगने वाले आरोपी प्रदीप कुमार निवासी खिरावड़ी सोनीपत को शिव चौक पानीपत से मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है। जिसे बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। वह आईपीएल मैच में सट्टा लगाकर पांच लाख रुपये हार गया था। जिसकी रिकवरी के लिए उसने गन्नौर रेलवे स्टेशन पर चस्पा राहुल का पोस्टर देख नंबर लिया और फिरौती मांगने का प्लान बनाया। -छबील सिंह, प्रभारी सीआईए-3