नेपाल के भूकंप में बच गए पर भारत में मिली मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौत जब लिखी हो, तब आ ही जाती है। नेपाल में आए भूकंप से जो परिवार बच कर आ गया था, आज उस परिवार की नेपाल लौटते समय हुए हादसे में तीन जिंदगियां खत्म हो गईं। हादसा, बावल/रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर बृहस्पतिवार अलसुबह हुआ। दिल्ली जा रहे जयपुर के एक एक्सपोर्टर समेत तीन लोगों की डंपर और इनोवा की टक्कर में मौत हो गई।
पत्थरों से भरा डंपर बिना सिग्नल दिए हाईवे के बीच में खड़ा था। एक्सपोर्टर नेपाल में भूकंप के बाद परिवार के साथ भारत लौट आया था। बृहस्पतिवार को वह परिवार के साथ जयपुर से नेपाल जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट जा रहा था। हादसे में परिवार के छह अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों को जयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
राजस्थान के विजयवाड़ा निवासी राहुल मित्तल नेपाल की राजधानी काठमांडू में एक्सपोर्टर थे। वह परिवार के साथ ही काठमांडू में ही रह रहे थे। पिछले दिनों नेपाल में आए भूकंप के बाद वह परिवार समेत सुरक्षित भारत लौट आए थे। कुछ दिन अपने पैतृक शहर जयपुर में रहने के बाद बुधवार रात राहुल मित्तल परिवार के साथ नेपाल जाने के लिए निकले थे। उन्हें सुबह 11 बजे दिल्ली स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नेपाल के लिए फ्लाइट पकड़नी थी
पत्थरों से भरे खड़े डंपर में पीछे से जा टकराई इनोवा
इनोवा कार में राहुल के अलावा उनके पिता बसंत मित्तल, बेटा भरत मित्तल, मां प्रेमलत्ता, पत्नी पूनम, भाई सचिन, बेटी दीपिका, साक्षी सवार थे। कार को सवाई माधोपुर निवासी रमेश चंद (38) चला रहा था। अलसुबह 3.30 बजे बावल के निकट हाईवे पर साबन चौक के पास उनकी गाड़ी बीच सड़क पर पत्थरों से भरे खड़े डंपर में पीछे से जा टकराई।
हादसे में बसंत मित्तल (57), कार चालक रमेश और डेढ़ वर्षीय भरत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में प्रेमलता, राहुल, पूनम, सचिन, साक्षी और दीपिका गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एएसआई नरेश कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर के पीछे फंसी इनोवा को क्रेन की मदद से अलग करवाया। बावल पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल डंपर चालक की पहचान नहीं हो पाई है।
ब्रिज के पास खड़ा था डंपर
मित्तल परिवार की इनोवा गाडी जयपुर से चलकर पौ फटने से पहले 3.30 बजे बावल के साबन चौक स्थित ओवर ब्रिज को पार कर रही थी तो अचानक ब्रिज की तलहटी में सड़क पर बिना इंडीकेटर, बिना रिफ्लेक्टर दिए खड़े पत्थरों से भरे डंपर से अचानक उनकी इनोवा की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत होने के तुरंत बाद हाहाकार मच गया और हाईवे पर जाम लग गया।