'लेबनान में पैसा कमाने गया था, कत्ल हो गया'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लेबनान में पैसा कमाने गए 26 वर्षीय युवक का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। परिजनों ने उसके दोस्तों पर मर्डर का आरोप लगाया है। युवक पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ के गांव कोटला डडहेड़ी का रहने वाला था।
अरब कंट्री लेबनान में युवक का कत्ल करीब 11 दिन पहले हुआ है। मृतक के परिजनों ने राजपुर के रहने वाले दो भाइयों और एक भाई की श्रीलंका की रहने वाली पत्नी पर कत्ल करने का आरोप लगाया है। मंडी गोबिंदगढ़ थाने के पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बजाए मामला विदेश का बताते हुए मृतक के पिता और फूफा बड़े अधिकारियों के पास जाने की सलाह दी।
गांव कोटला डडहेड़ी निवासी पवन कुमार ने थाने में अमर उजाला को बताया कि उनका बेटा गुरप्रीत सिंह लाड्डी लेबनान में रहकर काम करता था। बीती 11 दिसंबर की दोपहर दो बजे बेटे गुरप्रीत सिंह लाड्डी का फोन आया था और उसने घर पर दो हजार डालर भेजने को भी कहा था। उसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा।
पवन कुमार के साथ मौजूद लाड्डी के फूफा कुलदीप सिंह ने बताया लगातार फोन बंद आने पर उन लोगों ने लेबनान में रहने वाले अपने एक अन्य रिश्तेदार को लाड्डी के बारे में पता करने को कहा। कई दिन बीत जाने के बाद वहां पहाड़ियों में लाड्डी की गली सड़ी लाश बरामद हुई।
लाड्डी मुंह पर तेजाब डाला गया था और गर्दन व शरीर के अन्य हिस्सों पर किसी नुकीली चीज से वार किए गए थे। वहां की पुलिस ने लाड्डी के शव को बरामद कर अस्पताल में रखवा दिया है। लाश ज्यादा सड़ जाने के कारण वहीं अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
रिश्तेदार को 'हेल्प मी' का भेजा था संदेश
लाड्डी के पिता ने थाने में बताया कि 6 साल लेबनान रहने बाद लाड्डी घर लौटा था। एक महीने के बाद 20 अक्तूबर 2014 को वापस लेबनान चला गया था। वहां पहुंचने पर लाड्डी ने किसी बीमारी के चलते अपना आपरेशन करवाया था और आपरेशन के बाद तीन दिन तक अपने दो दोस्तों के पास ही रहा।
लाड्डी के पिता ने बताया कि उसके दोनों दोस्त राजपुरा के गांव भुक्सी सैणियां दी के निवासी हैं सगे भाई जस्सी और लक्की हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे लाड्डी की हत्या के लिए जस्सी, उसका भाई लक्की और जस्सी की पत्नी श्रीलंका की मूल निवाली कुमारिया जिम्मेवार हैं।
पवन कुमार के मुताबिक उन्होंने जस्सी के पिता चरन सिंह से अपने बेटे की हत्या का कारण पूछा तो वह टालमटोल कर रहे हैं। मंडी गोबिंदगढ़ थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। थाने के मुंशी बलजिंदर सिंह ने बताया मामला विदेश का है। इसलिए लाड्डी के पिता और फूफा को बड़े अधिकारियों के पास शिकायत लेकर जाने के लिए कहा गया है।
लाड्डी के फूफा कुलदीप ने बताया कि 11 दिसंबर को जब लाड्डी का फोन बंद हो गया था, उससे पहले उसने अपने एक रिश्तेदार के फोन पर बात करके यह कहा था कि जे मैनु कुझ हो गया तां, जस्सी नूं ना छड्यो। इसके अलावा एक अन्य रिश्तेदार अवतार को एक मैसेज कर प्लीज हैल्प मी लिखकर सेंड किया था।
पटियाला में हुई थी लाड्डी की मंगनी
लेबनान में कत्ल का शिकार हुए लाड्डी के पिता पवन ने बताया कि बेटे की मंगनी उसके जाने से 10 दिन पहले पटियाला में हुई थी।