लुधियाना का तिहरा हत्याकांड: घर से तीन लाइसेंसी हथियार, जेवरात और नकदी गायब, पुलिस के हाथ नहीं लगा कोई सुराग
24 घंटे से ज्यादा का समय हो चुका है और कमिश्नरेट पुलिस के हाथ अभी तक हत्याकांड को सुलझाने के लिए कोई भी सुराग नहीं लगा है। कमिश्नरेट पुलिस की तरफ से इस मामले को हल करने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग थ्योरियों पर काम करने में जुटी हैं। उधर, सोमवार को तीनों के शवों का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लुधियाना के लाडोवाल के नूरपुर बेट इलाके में पंजाब पुलिस के रिटायर्ड एएसआई कुलदीप सिंह, उनकी पत्नी परमजीत और बेटे गुरविंदर सिंह उर्फ पाली की हत्या के बाद घर से हथियार और जेवरात लूटे गए हैं। मामला लूट की तरफ जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह किसी कुख्यात गैंग का काम हो सकता है। जिन्होंने पूरी रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया है। अब तक की जांच में पता चला है कि घर से कुलदीप सिंह की राइफल, 32 बोर की रिवाल्वर और उनके बेटे का रिवाल्वर बदमाश साथ ले गए हैं।
सोने चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान भी गायब है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देते समय घर में तोड़फोड़ भी की है। जिससे आशंका है कि आरोपियों ने लूट को अंजाम देने के लिए सामान तोड़ा और अंदर से सामान लूटकर फरार हो गए। अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपी घर में लकड़ी की सीढ़ी के जरिये खिड़की से दाखिल हुए और कुछ समय में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
24 घंटे से ज्यादा का समय हो चुका है और कमिश्नरेट पुलिस के हाथ अभी तक हत्याकांड को सुलझाने के लिए कोई भी सुराग नहीं लगा है। कमिश्नरेट पुलिस की तरफ से इस मामले को हल करने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग थ्योरियों पर काम करने में जुटी हैं। उधर, सोमवार को तीनों के शवों का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया।
दूध वाला रविवार को सुबह दरवाजा खटखटाकर चला गया वापस
रोजाना की तरह रविवार की सुबह दूध वाला दूध देने आया था। उसने दरवाजा खटखटाया लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। काफी समय तक दूध वाला दरवाजा खटखटाता रहा लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो वह वापस चला गया। देर शाम को कुलदीप सिंह की बेटी उनसे मिलने के लिए फोन करती रही लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया तो उसने किसी रिश्तेदार को घर भेजा। दरवाजा नहीं खुला तो उसने गांव के सरपंच को बताया और वह साथ गए। अंदर का दृश्य देख सभी लोग हैरान रह गए।
दो दिन पहले ही पत्नी को मायके छोड़कर आया था पाली
एएसआई कुलदीप सिंह चार साल पहले रिटायर्ड हुए थे और करीब एक साल पहले उन्होंने अपने बेटे गुरविंदर सिंह उर्फ पाली की शादी की थी। शादी के बाद सारा परिवार खुश था और पाली की पत्नी गर्भवती थी। दो दिन पहले ही पाली पत्नी को मायके छोड़कर आया था। अगर पाली की पत्नी घर पर होती तो शायद उसका भी नुकसान हो सकता था। पुलिस के मुताबिक कुलदीप सिंह के घर पर वाटर सप्लाई का काम चल रहा था। इसकी आड़ में ही रेकी की गई। पुलिस जांच में जुटी है कि लेबर कितने बजे घर आई और कितने बजे गई है।
अगले महीने रिटायर्ड एएसआई के बेटे को जाना था विदेश
परिजनों ने बताया कि रिटायर्ड एएसआई कुलदीप सिंह के बेटे गुरविंदर सिंह ने ग्रेजुएशन तक पढ़ाई पूरी की थी। जिसकी शादी लगभग डेढ़ वर्ष पहले ही पायल के नजदीक गांव की रहने वाली युवती से हुई थी। गुरविंदर सिंह को अगले महीने विदेश जाना था।
भारी चीज से की गई तीनों की हत्या
सिविल अस्पताल में सोमवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों पर आधारित एक बोर्ड ने किया। इसमें फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. चरण कंवल, डॉ. मोनिका और डॉ. सौरभ शामिल थे। पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि तीनों के सिर पर भारी चीज से वार किया गया है। तीनों की हत्या एक ही तरीके से की गई है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना लाडोवाल के प्रभारी जगदेव सिंह का कहना है कि अब तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस की टीमें अलग-अलग एंगल से जांच में जुटी हैं। आरोपियों की एंट्री घर में फ्रेंडली थी या फिर आरोपी सीढ़ी के जरिये घुसे, इसकी जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को जांचा जा रहा है। घर से सामान काफी गायब है। उन्होंने कहा कि इस मामले को हल करने में कई टीमें जुटी हैं। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।