पानीपत में पति ने की आत्महत्या : प्रेमी संग रहने पर अड़ी थी पत्नी, मरने से पहले बोला- तू नहीं मिली तो जहर खाकर जान दे दूंगा
- सैनी कालोनी का मामला : होली के अगले दिन भागी थी पत्नी, रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद लौट आई थी
- परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के पानीपत की सैनी कालोनी में प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी पत्नी से परेशान होकर पति ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की बहन का आरोप है कि पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसके भाई को जहर खिलाकर हत्या की है। बहन ने बताया कि भाभी होली के अगले दिन प्रेमी के साथ भाग गई थी, जिसके बाद पुलिस में रिपोर्ट की तो वह लौट आई।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस दौरान सामान्य अस्पताल में ननद प्रीति और भाभी संगीता के बीच हाथापाई हो गई। पुलिस ने बीच बचाव कराया।
पुलिस को दी शिकायत में सैनी कालोनी निवासी प्रीति ने बताया कि वह चार बहन भाई हैं। तीसरे नंबर का भाई जितेंद्र (35) पत्नी संगीता और दो बच्चों के साथ सैनी कालोनी में रहता था। वह गणेश नगर स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। पत्नी संगीता होली के अगले दिन हनुमान कालोनी निवासी प्रेमी राजन के साथ भाग गई थी। जिसकी शिकायत किला थाने में दी थी। जिसके बाद सोमवार को संगीता लौट आई।
भाई और भाभी सोमवार को उसके मकान में रुक गए थे। जितेंद्र ने दिन भर संगीता से फिर से घर बसाने की गुहार लगाई लेकिन वह नहीं मानी। वह प्रेमी संग रहने की जिद करती रही। मंगलवार की सुबह दोनों अपने घर चले गए। वह सुबह 10 बजे भाई जितेंद्र के कमरे पर पहुंची तो वह मृत मिला। बहन का आरोप है कि पत्नी संगीता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर जहर खिलाकर भाई की हत्या की है।
पति ने पत्नी से कहा- तू नहीं मिली तो जहर खाकर जान दे दूंगा
मृतक की बहन प्रीति ने बताया कि सोमवार की रात भाई जितेंद्र ने अपनी पत्नी संगीता से कहा कि वह उससे प्रेम करता है। अगर वह उसे नहीं मिली तो जहर खाकर जान दे देगा। जबकि पत्नी ने उससे कहा कि उसे इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता।
सोमवार को पति की जेब से मिली थी सल्फास की डिब्बी : संगीता
पत्नी संगीता ने कहा कि उस पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। सोमवार को वह पानीपत लौटी थी। बेटी को रुपये देने के लिए उसने पति की जेब देखी तो सल्फास की सील बंद डिब्बी मिली थी। जिसे उसने छिपा दिया था। मंगलवार को पति दोबारा सल्फास खरीदकर लाया और खाकर आत्महत्या कर ली।
पत्नी की पहले भी हो चुकी है एक शादी
बिहार की रहने वाली संगीता का पहले पति से तलाक हो चुका है। पहले पति से उसके पास एक बेटी गीता है। 10 साल पहले वर्ष 2011 में पिता ने उसकी उत्तर प्रदेश के जिला शामली के गांव लिलोन खेडी निवासी जितेंद्र से शादी की थी। दोनों की एक बेटी भी है।
पुलिस ने मृतक की बहन प्रीति की शिकायत पर पत्नी संगीता और राजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। - महिपाल सिंह, किला थाना प्रभारी।