विवाहिता से अवैध संबंध में रोड़ा बना ससुर तो...
कस्बा घुमाण के गांव सैरोवाल में एक व्यक्ति ने अपनी प्रेमिका के ससुर की हत्या कर दी। कुछ दिन पहले उसने महिला के पति पर भी हमला किया था। सोमवार को पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
मृतक बचन सिंह के बेटे गुरमीत सिंह वासी सैरोवाल ने बताया कि इसी गांव के रहने वाले मनजिंदर सिंह के साथ उनकी पत्नी के संबंध थे।
12 मार्च की रात करीब 11 बजे आरोपी मनजिंदर सिंह दीवार फांदकर उनके घर में घुस आया और गला दबाकर उन्हें मारने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी थी।
प्रेमिका के ससुर पर तेजधार हथियार से हमला
पंचायत ने इस मामले पर दोनों पक्षों में राजीनामा करवा दिया था लेकिन मनजिंदर सिंह ने रंजिश नहीं छोड़ी। इसी रंजिश के चलते 15 मार्च को आरोपी ने मोटर पर सो रहे उनके पिता बचन सिंह पर तेजधार हथियार से हमला बोल दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही बचन सिंह ने दम तोड़ दिया। डीएसपी श्री हरगोबिंदपुर गुरविंदर सिंह ने बताया कि गुरमीत सिंह के बयान पर मनजिंदर सिंह और उसके विदेश में रह रहे भाई के खिलाफ थाना घुमाण में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रेड कर रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस हिरासत में होंगे। मनजिंदर सिंह पर पहले से ही दहेज उत्पीड़न का मामला चल रहा है।