पीयू में हिमाचल के छात्र की हत्या: आदित्य को मिली थी जान से मारने की धमकी... मासूम शर्मा के शो में क्या हुआ?
चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में हिमाचल के छात्र की हत्या मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मासूम शर्मा के शो के दौरान आदित्य ठाकुर को जान से मारने की धमकी मिली थी। आदित्य के दोस्त ने पुलिस को बयान दर्ज कराए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की स्टार नाइट के दौरान शुक्रवार रात को स्टेज के पीछे दो गुटों में मारपीट के दौरान चाकुओं से हमला कर एक छात्र को गंभीर रूप से घायल दिया। युवक को आनन फानन में पीजीआई ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान हिमाचल के नालागढ़ निवासी आदित्य ठाकुर के रूप में हुई है। वह पीयू में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष का छात्र था।
सेक्टर-11 थाना पुलिस ने सेक्टर-19 निवासी अर्जुन दलाल के बयानों पर हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा पुलिस ने मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस को दिए बयानों में अर्जुन दलाल ने बताया कि वह दोस्त आदित्य, अभय और अनिरुद्ध के साथ मासूम शर्मा का शो देखने के लिए गया था। आदित्य की कुछ युवकों के साथ बाहर निकलते समय कहासुनी हो गई। उन युवकों ने आदित्य को धमकी दी कि उनसे पंगा लेकर बहुत बड़ी गलती कर ली, तुम्हें जान से मार देंगे। इसी बात को लेकर आदित्य व उसके दोस्तों की उन युवकों से बहस बढ़ गई। इसके बाद सभी दोस्त शो से बाहर निकल आए। इसी दौरान स्टेज के पीछे की तरफ युवकों ने अचानक से उन पर हथियारों के साथ हमला कर दिया। एक युवक ने आदित्य को पकड़ जांघ में चाकू घोंप दिया। हमलावरों ने अनिरुद्ध के सिर पर डंडे मारे, जिससे वह भी लहुलुहान हो गया। जब वह लहूलुहान हो गए तो हमलावर वहां से फरार हो गए।
वीडियो से की पहचान, सेक्टर-25 बस्ती के बताए जा रहे हमलावर
जिन युवकों ने आदित्य ठाकुर पर हमला किया है, वह यूनिवर्सिटी के छात्र नहीं थे। मारपीट की एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गई जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इस वीडियो के जरिये पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। वह सेक्टर-25 की बस्ती के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारी जल्द ही उनको गिरफ्तार करने की बात कह रहे हैं।
पीयू में छात्र संगठनों ने किया प्रदर्शन
वहीं, आदित्य की मौत के बाद शनिवार को पीयू में जमकर बवाल हुआ। गुस्साए छात्र संगठनों ने डीएसडब्ल्यू और सुरक्षा इंचार्ज के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। इसमें सिक्योरिटी इंचार्ज के कपड़े तक फट गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। विद्यार्थियों ने सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डीएसडब्ल्यू व सिक्योरिटी इंचार्ज के इस्तीफे की मांग की है। डीन स्टूडेंट वेलफेयर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने वाले संगठनों में पीयूएसयू, पीएसयू ललकार, एनएसयूआई, एबीवीपी, सथ, सीवाईएसएस, इनसो समेत कई संगठनों के छात्र मौजूद थे। छात्रों ने सवाल उठाया कि यदि पीयू के पास सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे तो स्टार नाइट को अनुमति क्यों दी गई। पीयू की लापरवाही के कारण एक छात्र की मौत हुई है।