तालिबानी हमले के बाद पंजाब मे हाई अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिडनी कैफे और पेशावर में हुई आतंकी घटनाओं के बाद पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पाकिस्तान की सीमा से सटा होने के कारण पंजाब की खुफिया एजेंसियों ने तमाम जिलों के एसएसपी के अलावा पुलिस कमिश्नर को कहा है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में चौकसी बढ़ाएं और सर्च अभियान चलाएं जाएं। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मजबूत कर दी गई है।
खुफिया एजेंसियों की चिंता हाल ही में गिरफ्तार हुए हरमिंदर मिंटू को लेकर भी है। उसने खुलासा किया था कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी पंजाब में आतंक फैलाने के लिए ट्रेनिंग कैंपों में आतंकी तैयार कर रही है और उनकी योजना सार्वजनिक स्थलों पर बम विस्फोट की है।
पाकिस्तान की आईएसआई से ट्रेंड रत्नदीप सिंह को इसी साल 18 सितंबर को पंजाब पुलिस की विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से गिरफ्तार किया था।
आतंकियों की हिट लिस्ट में पंजाब
पंजाब पुलिस ने रमदीप सिंह गोल्डी को छह नवंबर को चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। इसके बाद खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के आतंकवादी हरमिंदर सिंह मिंटू को सात नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट से उसके साथी गोपी के साथ गिरफ्तार किया।
वह म्यांमार में पाकिस्तान की एजेंसी के ट्रेनिंग कैंप से ट्रेनिंग लेकर पंजाब में सीरियल बम विस्फोट के लिए आया था। इनकी योजना पंजाब में कई ऐसे स्थानों पर बम विस्फोट की थी।
खुफिया एजेंसियों ने पंजाब के सभी जिलों के एसएसपी व पुलिस कमिश्नर को आगाह किया है कि वे संदिग्ध लोगों पर पूरी निगरानी रखें और जिनका अतीत आतंकवाद से जुड़ा रहा है। उनके परिवार पर भी पैनी नजर रखी जाए।
सुमेध सैनी, डीजीपी, पंजाब ने कहा कि पंजाब में आईएसआई ने आतंकवाद को जिंदा करने की साजिश रची है। इसे कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
वहीं हरदीप ढिल्लों, एडीजीपी (इंटेलीजेंस) के अनुसार पंजाब में चौकसी बरती जा रही है। ऐसे लोगों को सिर उठाने नहीं दिया जाएगा।