बरनाला में टला बड़ा हादसा, गैस से भरा टैंकर पलटा, चार घंटा होता रहा रिसाव... मची अफरा-तफरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के बरनाला में बड़ा हादसा टल गया। यहां के हिसार मार्ग पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम का एलपीजी गैस से भरा एक टैंकर पलटने से रिसाव शुरू हो गया। इसको लेकर आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल हो गया। टैंकर में 16 मीट्रिक टन से अधिक एलपीजी भरी थी। दुर्घटनाग्रस्त टैंकर से करीबन चार घंटों तक एलपीजी का रिसाव होता रहा। टैंकर बठिंडा से जींद जा रहा था।
हादसे में पेहवा निवासी टैंकर चालक रोहित घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगों ने टैंकर से बाहर निकाला और स्थानीय सिविल अस्पताल पहुंचाया। बाद में चालक रोहित को यहां से रेफर कर दिया गया। हादसे की वजह सामने से अचानक आए बाइक सवार बताया जा रहा है। टैंकर के सामने जैसे ही बाइक आई तो टैंकर चालक उसे बचाने के चक्कर में संतुलन खो बैठा और टैंकर थर्मल के रजवाहे के पुल पर लगी साइड की दीवार को तोड़ता हुआ सड़क किनारे गहराई में जा गिरा।
सूचना पाकर पुलिस और फायर बिग्रेड टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने वाहनों के रूट डायवर्ट किए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उस बीच सुरक्षा के मद्देनजर भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों को मामले से अवगत करवाया, ताकि गैस की हो रही लीकेज को तुरंत रोका जा सके।
बरवाला नगर पालिका व हिसार के दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने कई घंटे टैंकर पर पानी का छिड़काव किया। इसी बीच धांसू स्थित पेट्रोलियम डिपो से आई टीम के सदस्यों ने मौके पर पहुंच कर कुछ ही मिनटों में लीकेज को रोक दिया।
बिजली सप्लाई को बंद व आसपास के क्षेत्र को करवाया खाली
सुबह अचानक लोगों ने धमाके की आवाज सुनीं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी जयपाल सिंह व थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने तुरंत बिजली निगम के अधिकारियों से संपर्क साध कर टैंकर के ऊपर से गुजर रही बिजली की सप्लाई लाइनों को बंद करवाया व आसपास के क्षेत्र को भी खाली करवा दिया। पुलिस ने दो-तीन नाके लगाकर वाहनों के रूट डायवर्ट करवा दिए।
50 मीटर की दूरी पर था पेट्रोल पंप
इस हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह थी कि जब टैंकर से गैस निकल रही थी, तब हवा की दिशा शहर की तरफ नहीं थी। जिस जगह पर टैंकर पलटा, वहां से मात्र 50 मीटर की दूरी पर एक पेट्रोल पंप भी है।
मैं बठिंडा से हिंदुस्तान पेट्रोलियम का एलपीजी से भरा टैंकर लेकर जींद स्थित प्लांट के लिए जा रहा था। इस दौरान एक बाइक चालक अचानक से सामने आ गया। मैंने बाइक चालक को बचाने का प्रयास किया, जिससे टैंकर अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया। -रोहित, चालक, टैंकर