डिवीजनल कमिश्नर की गाड़ी से कुचलकर माली की मौत, मजदूर घायल, लोगों ने लगाया जाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़-बठिंडा नेशनल हाईवे पर स्थित गांव लहरा बेगा के पास स्थित गुरु रामदास कॉलेज के सामने बस का इंतजार कर रहे माली और मजदूर को फरीदकोट डिवीजन के कमिश्नर हरजीत सिंह की तेज रफ्तार इनोवा गाड़ी ने कुचल दिया। इस हादसे में माली की मौके पर मौत हो गई जबकि मजदूर सुरजीत सिंह की हालत गंभीर है।
वहीं इस हादसे में कमिश्नर के भी घायल होने का समाचार है। लेकिन पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई भी जानकारी मीडिया को नहीं दी जा रही।
शनिवार को फरीदकोट डिवीजन के कमिश्नर हरजीत सिंह खुद अपनी इनोवा गाड़ी चलाकर गनमैन के साथ पटियाला की तरफ से बठिंडा आ रहे थे। जब वह गांव लहरा बेगा के पास पहुंचे तो वहां गुरु रामदास कॉलेज के बाहर बस का इंतजार कर रहे कॉलेज के माली रमेश कुमार और मजदूर सुरजीत सिंह पर गाड़ी चढ़ा दी।
इसके बाद कमिश्नर की गाड़ी पलट गई। हादसे में रमेश कुमार की मौके पर मौत हो गई जबकि गंभीर घायल मजदूर को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना स्थल पर जुटे गांव लहरा बेगा और आस-पास के लोगों ने कमिश्नर और उनके गनमैन को गाड़ी से निकाला। सूचना मिलते ही एसएसपी नानक सिंह मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर पहुंच पुलिस ने जब लोगों की बात नहीं सुनी तो ग्रामीणों ने रमेश कुमार के शव को हाईवे के बीच रखकर धरना लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि कमिश्नर बहुत तेज स्पीड में गाड़ी लेकर आ रहे थे, जिससे गाड़ी पर कंट्रोल खो बैठे और हादसा हो गया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस कमिश्नर को बचा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने इनोवा से शराब और मीट भी बरामद किया है पर कोई जानकारी नहीं दे रही। ग्रामीणों ने मांग की कि कमिश्नर और उनके गनमैन पर पुलिस केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करे। एसएसपी नानक सिंह ने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा।
पंजाब खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जोरा सिंह नसराली ने मांग की कि मृतक रमेश कुमार के परिवार को सरकार दस लाख रुपये मुआवजा और उसके परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। साथ ही गंभीर घायल सुरजीत सिंह का निशुल्क उपचार करवाया जाए।