{"_id":"c6d4df3518db3b38688f1d4199e1bb63","slug":"fraud-of-one-lakh-41-thousand-by-axis-bank-employee-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"एक्सिस बैंक का कर्मी बन ठग ले गया 1.41 लाख ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
एक्सिस बैंक का कर्मी बन ठग ले गया 1.41 लाख
ब्यूरो/अमर उजाला, मोहाली
Updated Sun, 02 Aug 2015 12:32 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक व्यक्ति ने बैंक कर्मी बन कर एक युवक से 1.41 लाख रुपये ठग लिए। पहले बैंक के कामकाज में मदद की और ऐसा दिखावा किया कि वह बैंक का ही मुलाजिम है। युवक ने भरोसे में आकर रकम उसे पकड़ा दी। फिर ठग सारा कैश लेकर रफूचक्कर हो गया।
विज्ञापन
माजरा पता चलने पर युवक के होश उड़े और उसने बैंक अधिकारियों व पुलिस को सूचना दी। जानकारी के मुताबिक, समाना, पटियाला के मूल निवासी गुरजंट सिंह का मोहाली के सेक्टर 70 में सैलून है। शनिवार सुबह वह समाना से किसी काम के लिए 1.41 लाख रुपये लेकर मोहाली आया।
विज्ञापन
गुरजंट ने सोचा कि रकम पास में रखना ठीक नहीं है। उसका एक्सिस बैंक समाना में अकाउंट था। वह सुबह 11 बजे फेज सात स्थित ब्रांच में पैसे जमा कराने पहुंच गया। गुरजंट पहले मशीन पर पहुंचा तो बताया गया कि यहां 49 हजार से ज्यादा कैश जमा नहीं हो सकता। नीचे कैश काउंटर पर जमा कराना पड़ेगा।
विज्ञापन
इसी बीच पास खड़ा एक व्यक्ति उसके पास आया और बोला कि चलो नीचे कैश काउंटर में रकम जमा करवा देते हैं। गुरजंट उसके साथ चला गया। नीचे जाने के बाद उस व्यक्ति ने गुरजंट से सारा कैश लेकर अच्छी तरह गिना। फिर भरोसा जमाने के लिए बैंक के ही एक कमरे में गया और बाहर गया। जिससे गुरजंट को विश्वास हो गया कि वह बैंक का ही मुलाजिम है।
कैश काउंटर पर कहा गया कि पहले आप पैन नंबर अपडेट करवाएं, फिर रकम जमा होगी। तो वह व्यक्ति गुरजंट को लेकर ऊपर आ गया और सारा कैश वापस कर दिया। फिर पैन अपडेट करने को एक फार्म लाकर दिया। गुरजंट फार्म भरने लगा तो उस व्यक्ति ने फिर गुरजंट से कैश ले लिया और बोला कि फार्म भरने के बाद नीचे आ जाओ, वह कैश जमा कराने नीचे जा रहा है। वह फार्म भरने लगा। जब वह नीचे गया तो वहां वह व्यक्ति नहीं था।
गुरजंट ने कैश काउंटर पर पता किया तो पता चला कि कोई रकम जमा नहीं हुई है। वह ऊपर आया, बैंक के बाहर जाकर देखा, पर उस व्यक्ति का कुछ पता नहीं था। इसके बाद गुरजंट ने बैंक अधिकारियों को बताया। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। फौरन ही डीएसपी आलम विजय सिंह और मटौर एसएचओ महेश सैनी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुरजंट के बयान पर धारा 406, 420 के तहत परचा दर्ज कर लिया।
खुद भी पैन अपडेट कराने आया था ठग
बैंक के एक-दो मुलाजिमों ने 1.41 लाख की ठगी के आरोपी को देखा था। एक मुलाजिम ने बताया कि वह व्यक्ति खुद भी पैन अपडेट कराने आया था। आरोपी उसी बैंक मुलाजिम के पास आया और बोला कि पैन अपडेट कराना है। उसने तरीका बता दिया, फिर भी वह बैंक में ही इधर-उधर घूम रहा था।
पुलिस खंगाल रही आठ कैमरों का डाटा
डाटा मिलने के बाद शाम को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखना शुरू कर दिया था। बैंक में आठ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस सभी का डाटा खंगालने में जुटी थी। गुरजंट के बयानों के मुताबिक ठगी का आरोपी क्लीन शेव था, उसका कद करीब पांच फुट आठ इंच था।
पुलिस बैंक से मिली सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। ठगी के शिकार युवक की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
- डीएसपी आलम विजय सिंह
हम पुलिस का पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं। फेज सात ब्रांच पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है। पुलिस को पूरी फुटेज दी गई है। हम यह भी सुनिश्चित करते हैं कि इस वारदात में किसी बैंककर्मी का हाथ नहीं है। उपभोक्ताओं से अपील है कि कैश सिर्फ कैशियर को ही सौंपें।
- परमिंदर पनेसर, कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस, एक्सिस बैंक