Chandigarh: ठग गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने पांच को पकड़ा, कहीं आप तो नहीं कर रहें इस वेबसाइट से खरीदारी
चंडीगढ़ निवासी पीड़ित ने साइबर थाने को ठगी की शिकायत दी थी। मामले में साइबर थाना पुलिस की प्रारंभिक जांच के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 419, 420, 120बी के तहत केस दर्ज किया था। बाद में आइपीसी की धारा 467, 468, 471 जोड़ी गई। पुलिस ने पांचों आरोपियों को दिल्ली एनसीआर से पकड़ा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ पुलिस के साइबर थाना ने फर्जी वेबसाइट के जरिए सस्ता सामान बेचने के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली एनसीआर से पांच आरोपियों को देर रात गिरफ्तार किया है। पकड़े गए गिरोह के शातिर होमशॉप 10 डॉट कॉम नाम से वेबसाइट बना लोगों को बाजार से सस्ते दामों पर घरेलू सामान की होम डिलीवरी करने का झांसा देते थे। पकड़ा गया ग्रुप बेहद शातिर है। आरोपी अपनी वेबसाइट पर खरीदारी करने पर महंगे तोहफे देने का लालच दे लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
पांचों आरोपियों की भूमिका
तुगलकाबाद एक्सटेंशन के रहने वाला किंगपिन गोपाल शाह (27) गिरोह का सरगना और फर्जी एप का मालिक है। फरीदाबाद का रहने वाला नवीन (20) और पुनीत (24) सिम बैंक खाता प्रदान करते थे। सूरज (23) और ओखला इंडस्ट्रियल एरिया के रहने वाला आकाश (24) खाता धारक थे। आरोपियों से इस्तेमाल 200 सिम कार्ड, तीन मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड मिले हैं।
क्या है पूरा मामला
चंडीगढ़ के रहने वाले पूरन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को बताया कि वह होम शॉप 10 डॉट काम कंपनी से बोल रहा है। उनकी कंपनी सभी तरह के प्रोडक्ट बाजार से बेहद कम दामों पर ऑनलाइन ऑर्डर करने पर होम डिलीवरी देती है। इसके बाद शिकायतकर्ता ने कंपनी के लुभावने ऑफर में आकर 670 रुपये का सामान बुक कर दिया।
सामान का आर्डर करने के बाद शिकायतकर्ता से कंपनी का प्रतिनिधि बन बात कर रहे साहिल राजा ने उन्हें झांसे में लिया और लक्की ड्रा में एपल का एक आईफोन जीतने का लालच दिया। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता से पहले बिल के नाम पर 5,990 रुपया जमा करवाए। इसी तरह फोन के इश्योरेंस के नाम पर 8990 रुपये, जीएसटी और टैक्स के बहाने 21 हजार 582 रुपये जमा करवा लिए। इस तरह अलग-अलग टैक्स और चार्जेज बताकर आरोपी ने उक्त व्यक्ति से 2 लाख 20 हजार की ठगी कर ली।
इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत चंडीगढ़ पुलिस के साइबर थाना पुलिस को दी। मामले में साइबर थाना पुलिस की प्रारंभिक जांच के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 419, 420, 120बी के तहत केस दर्ज किया था। बाद में आइपीसी की धारा 467, 468, 471 जोड़ी गई।
इस टीम ने ठगों को पकड़ा
एसपी साइबर केतन बंसल के निर्देश पर डीएसपी वेंकटेश के नेतृत्व में इंस्पेक्टर रंजीत सिंह की टीम गठित की गई थी। इसमें एएसआई जतिंदर सिंह, जोगिंदर सिंह, गुलाब सिंह, कांस्टेबल अमर खोकर, विकास, महिला कांस्टेबल दीक्षा समेत तकनीकी टीम के सदस्यों को शामिल किया गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को दिल्ली और फरीदाबाद के अलग-अलग जगह से गिरफ्तार कर लिया है।