फेसबुक पर हुआ प्यार, दौड़ी आई वो सात समुंद्र पार
फेसबुक पर पंजाबी युवक से सात समुंद्र पार बैठी युवती को इतना प्यार हो गया कि वह युवक से शादी करने कनाडा से पंजाब भाग आई। युवक ने भी उससे शादी रचा ली। युवती के परिजन शादी के खिलाफ थे।
इसके बारे में बता चलते ही युवक ने मानवाधिकार आयोग से सुरक्षा भी हासिल कर ली। कहानी फिल्मी नहीं, ब्लकि रियल है। मामला, पंजाब के मोहाली शहर से जुड़ा है।
युवती के पिता ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट पहुंचकर बेटी से मिलवाने की गुहार लगाई है। हाईकोर्ट ने नोटिस जारी कर एसएसपी मोहाली, युवक और उसके पिता से जवाब तलब किया है।
पिता बोले, 18 की होते ही गायब हो गई बेटी
टोरंटो निवासी युवती के पिता ने एडवोकेट लवलीत ठाकुर के माध्यम से याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी नाबालिग थी और 18 साल की होते ही वह गुम हो गई।
लड़की के पासपोर्ट और फेसबुक डिटेल खंगाले तो पता लगा कि मोहाली का अभिषेक गिल कुछ सालों से फेसबुक पर संपर्क में था। फेसबुक डिटेल से पता चला कि अभिषेक ने युवती को पंजाबी फिल्मों में किरदार दिलाने की बात कही थी।
पिता ने याचिका में कहा है कि उनकी बेटी कभी भारत नहीं आई, लिहाजा उसके बारे में पता लगाया जाना चाहिए कि वह किन हालातों में रह रही है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित बनाई जानी चाहिए। पिता ने यह गुहार भी लगाई है कि एक बार बेटी से मिलने की इजाजत मिलनी चाहिए।