बॉर्डर पर फायरिंग, BSF ने पकड़ी 30 करोड़ की हेरोइन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाक बॉर्डर पर मुठभेड़ के बाद ड्रग तस्कर भाग निकले। घटनास्थल पर बीएसएफ ने तीस करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की है। यह मुठभेड़ पंजाब के बीओपी एमपी बेस फिरोजपुर सेक्टर में हुआ।
बीएसएफ ने सरहद पर भारतीय तस्करों को हेरोइन की डिलीवरी देने पहुंचे पाकिस्तानी तस्करों पर फायरिंग कर खदेड़ दिया। बीएसएफ अधिकारियों को घटनास्थल से तीस करोड़ रुपये की हेरोइन, एक मोबाइल फोन, एक पाकिस्तानी मोबाइल कंपनी का सिम कार्ड बरामद हुआ है।
यह घटना शनिवार व रविवार की रात को बीओपी एमपी बेस फिरोजपुर सेक्टर में घटी। डीआईजी व बीएसएफ के प्रवक्ता आरएस कटारिया ने बताया कि बीएसएफ को खुफिया जानकारी थी कि पाकिस्तानी तस्कर बीओपी एमपी बेस के पास से भारतीय क्षेत्र में हेरोइन की डिलवरी देने वाले हैं।
एक-एक किलो हेरोइन के छह पैकेट, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 करोड़
इस पर उस क्षेत्र में गश्त करने वाले सभी बीएसएफ जवानों को सतर्क किया गया था। शनिवार की रात लगभग दस बजे जवानों ने पाकिस्तान की तरफ तस्करों की गतिविधि देखी। उसके बाद से जवान उन पर पैनी नजर रखे हुए थे।
रात तीन बज कर 40 मिनट पर तस्करों ने एक प्लास्टिक की पाइप कंटीली तार में डालकर हेरोइन के पैकेट फेंकने शुरू कर दिए। इस पर बीएसएफ ने उन्हें चेतावनी दी लेकिन वो अपने कार्य में जुटे रहे। बीएसएफ जवानों ने अपनी सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए फायरिंग शुरू कर दी।
तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। सुबह होने पर बीएसएफ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो वहां से एक-एक किलो हेरोइन के छह पैकेट मिले।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत तीस करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा वहां से एक मोबाइल फोन और एक पाकिस्तान मोबाइल कंपनी का सिम कार्ड बरामद हुआ है।