मोबाइल पर बात कर रहा था चालक, दो मासूम बच्चों पर चढ़ा दी जेसीबी, एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लुधियाना के फोकल प्वाइंट के फेज चार में दोस्त के साथ बाजार से सामान लेने जाते समय रास्ते में साइकिल की चेन चढ़ाते दो बच्चों को एक तेज रफ्तार जेसीबी ने कुचल दिया। जिससे एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बुरी तरह से घायल है। सूत्रों के मुताबिक जेसीबी चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। हादसे के तुरंत बाद जेसीबी चालक वहां से फरार होने में कामयाब हो गया।
सूचना मिलने के बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन एरिया थाना मोती नगर का था तो मोती नगर की पुलिस को बुलाया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले बच्चों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया था। मृतक की पहचान तुषार (8) के रुप में हुई है। जबकि घायल की पहचान राज के रुप में हुई है।
थाना मोती नगर की पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस चालक का पता लगाने में जुटी है। जानकारी के अनुसार एक बेहड़े में रहने वाले तुषार के पिता सुरिंदर एक फैक्ट्री में काम करते है। उसकी मां काजल सोमवार की दोपहर को घर पर ही थी। तुषार अपने पड़ोसी दोस्त राज के साथ साइकिल पर बाजार से सामान लाने गया था।
रास्ते में साइकिल की चेन उतर गई। दोनों साइकिल की चेन चढ़ाने लगे। इसी दौरान दूसरी तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार जेबीसी ने दोनों को कुचल दिया। जिससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। दोनों बच्चों के चीखने की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों के इकट्ठा होने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो गया।
लोगों ने घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां तुषार को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि राज की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ जेसीबी चालक मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। मोबाइल सुनने की वजह से उसका ध्यान कहीं ओर था और उसने बच्चों को कुचल दिया।
थाना मोती नगर के एडिशनल एसएचओ सब इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह ने बताया कि अभी मामला उनके ध्यान में आया है। एक बच्चे की मौत हुई है और दूसरा घायल है। अभी उनके पास पूरी जानकारी नहीं आई है कि कैसे हादसा हुआ है। जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्राले ने मारी बाइक सवार को टक्कर, मौत
बाइक पर दोस्त के साथ किसी काम से गोबिंदगढ़ जा रहे अमरपुरा निवासी गौरव शर्मा को एक तेज रफ्तार ट्राले ने टक्कर मार दी। जिससे गौरव और उसका दोस्त मोना सिंह बाइक से नीचे गिर पड़े। गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोना को मामूली चोटें आई है। सूचना मिलने के बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने जांच के बाद गौरव का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने ट्राला चालक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गौरव समर्सिबल रिपेयर का काम करता है। वह और उसके दोस्त मोना सिंह गोबिंदगढ़ में किसी काम से जा रहे थे।